मेधावियों का हुआ सम्मान 

Share
बलिया। बापू भवन टाउन हाल में रविवार को जिला प्रजापति समाज के तत्वावधान में मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए स्मृतिचिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र आदि प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर मेधावी छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।समारोह में वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवा देश के भविष्य हैं। युवाओं की उन्नति से ही देश की दशा और दिशा तय होती है। ऐसे में समाज की जिम्मेदारी है कि वह अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करे।वक्ताओं ने कहा कि हम अपने समाज के युवाओं को ऐसी शिक्षा दें कि वे सिर्फ नौकरी पाने तक सीमित न रहें, बल्कि अपने ज्ञान और प्रतिभा के बल पर समाज व देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ मेहनत, ईमानदारी, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को अपने जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी गई।read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/समारोह में वक्ताओं ने अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। कहा गया कि आर्थिक परिस्थितियां चाहे जैसी हों, बच्चों की पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। समाज के शिक्षित और सक्षम लोगों को आगे आकर जरूरतमंद प्रतिभावान विद्यार्थियों की मदद करनी चाहिए, ताकि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने से वंचित न रह जाए।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी अपनी उपलब्धियों और अनुभवों को साझा किया। आयोजकों ने कहा कि मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान केवल पुरस्कार देने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है। समाज के युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाकर ही सामाजिक सशक्तीकरण का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।समारोह के अंत में सम्मानित विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं तथा समाज के लोगों से शिक्षा को प्राथमिकता देने और नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *