बड्डूपुर (बाराबंकी)। शाहपुर गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता गायत्री देवी का शव उसके कमरे में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मृतका के पिता ने जमीन के विवाद में बेटी की पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। भगौली चौकी क्षेत्र निवासी सहज राम मौर्य के अनुसार उनकी बेटी गायत्री की शादी करीब 12 वर्ष पहले शाहपुर निवासी आशीष मौर्य से हुई थी। परिवार में करीब एक बीघा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि जमीन के बंटवारे को लेकर आए दिन विवाद होता था और गायत्री के हस्तक्षेप करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। पिता ने तहरीर में आशीष मौर्य, विमलेश मौर्य, कुंती देवी, मोनिश कुमार और प्रियंका पत्नी मोनिश पर मारपीट कर गायत्री की हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर क्षेत्राधिकारी फतेहपुर जगत राम कनौजिया ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बड्डूपुर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सोनकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।