भदोही। सुरियावां को तहसील का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर तहसील निर्माण संघर्ष समिति ने आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया है।समिति के संरक्षक अशोक सिंह व अध्यक्ष दिनेश यादव “दादा” ने बताया कि अब सुरियावां और अभोली ब्लाक के प्रत्येक गांव में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा और साथ ही जनजागरण मीटिंग भी की जाएगी। इस दौरान नेताओं ने कहा कि सुरियावां और अभोली ब्लाक की लगभग 3 से 4 लाख आबादी को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए 30 से 40 किलोमीटर दूर भदोही तहसील जाना पड़ता है।read more:https://pahaltoday.com/protest-by-the-all-gondwana-students-association-and-the-gond-community/ वर्ष 2001 से चल रही इस मांग पर अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है। समिति के अध्यक्ष दिनेश यादव “दादा” ने कहा कि जब तक सुरियावां को तहसील का दर्जा नहीं मिल जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सुरियावां को तहसील बनाए जाने की मांग के लिए गांव-गांव जाकर लोगों से हस्ताक्षर लिए जाएंगे। इसके साथ ही मीटिंग करके सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। इसके बाद तहसील निर्माण संघर्ष समिति द्वारा विशाल बैठक आयोजित की जाएगी। अंत में मुख्यमंत्री को विशाल ज्ञापन सौंपने की योजना है। समिति के संरक्षक अशोक कुमार सिंह ने कहा कि यह जनता की जायज मांग है। उन्होंने सभी वर्ग के लोगों से अपील की कि वे इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और समिति का सहयोग करें।