रामनगर, बाराबंकी। प्रतिभा और मेहनत के बल पर सफलता की नई इबारत लिखते हुए त्रिलोकपुर गांव की बेटी महिमा मौर्य ने मंडी सचिव पद पर चयनित होकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद में मंडी सचिव श्रेणी-3 (ग्रेड-2) के पद पर चयनित महिमा को मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाने के बाद पहली बार गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। गांव पहुंचते ही महिमा मौर्य का फूल-मालाओं और मिठाइयों के साथ अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी एवं भाजपा नेता अलका मिश्रा, अवधराम मौर्य, रमाकांत मौर्य, शिवनारायण मौर्य, सत्येंद्र मौर्य, संतोष मौर्य तथा श्रीनारायण मौर्य समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignette लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया। महिमा की नियुक्ति मंडी परिषद के मुख्यालय स्थित लेखानुभाग में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार त्रिलोकपुर कस्बे की वह पहली बेटी हैं, जिन्हें मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र प्राप्त करने का अवसर मिला है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र की बेटियों और युवाओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। महिमा मौर्य का सफर संघर्ष और परिश्रम की मिसाल माना जा रहा है। उन्होंने वर्ष 2021 में पंचायत सहायक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उनका चयन लेखपाल पद पर हुआ और अब उन्होंने मंडी सचिव के पद पर चयनित होकर एक और उपलब्धि अपने नाम कर ली है। महिमा के पिता राजपाल मौर्य, जो पेशे से किसान हैं, ने बताया कि उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी बेटियों की शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी। उन्होंने कहा कि बेटी की सफलता ने वर्षों की मेहनत और त्याग को सार्थक कर दिया है। ग्रामीणों ने महिमा की उपलब्धि को क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि लगन, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।