कोटा दशहरा मेला सांस्कृतिक वैभव के साथ नए स्वरूप में नजर आए – बिरला

Share

कोटा, 2 अगस्त। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम सभागार में आयोजित बैठक में कोटा दशहरा मेले की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए), जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों के साथ आगामी मेले की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर विधायक संदीप शर्मा भी उपस्थित रहे।बैठक में बिरला ने कहा कि कोटा का दशहरा मेला देश-विदेश में अपनी अलग पहचान रखता है और वर्षों से हाड़ौती की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मेले की समृद्ध परंपरा को बनाए रखते हुए उसमें नए आकर्षण जोड़े जाएं, ताकि आगंतुकों को सांस्कृतिक वैभव के साथ नया अनुभव भी मिले।

जनभागीदारी से बने बेहतर रूपरेखा

लोकसभा अध्यक्ष ने जिला कलक्टर पीयूष समारिया को निर्देश दिए कि मेले की तैयारियों के लिए विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि शहर के प्रबुद्धजनों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ बैठकें कर उनके सुझाव लिए जाएं, ताकि जनभागीदारी से बेहतर आयोजन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा को भी निर्देश दिए कि मेले से जुड़े पूर्व बोर्ड सदस्यों के साथ बैठक कर उनके अनुभवों का लाभ लिया जाए। उन्होंने कहा कि वर्षों के अनुभव से सामने आई चुनौतियों और उनके समाधान को तैयारियों में शामिल किया जाए।read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/

व्यापार और आजीविका का भी रखें ध्यान

बिरला ने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में व्यापारी और दुकानदार कोटा दशहरा मेले में भाग लेने आते हैं। इनमें कई परिवार ऐसे हैं, जिनकी आजीविका ऐसे मेलों पर ही निर्भर रहती है। उन्होंने कहा कि मेले में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएं, ताकि व्यापार बढ़े और इन परिवारों को भी लाभ मिल सके। साथ ही, प्रयास रहे कि मेला बाजार आधारित रहे और दुकाने व्यवस्थित रूप से आवंटित हो।लोकसभा अध्यक्ष ने पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम को निर्देश दिए कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह प्रभावी रहे। उन्होंने कहा कि पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था और सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि असामाजिक तत्वों में कानून का भय बना रहे और किसी भी दुकानदार या आगंतुक को किसी प्रकार की परेशानी न हो।उन्होंने नगर निगम को निर्देश दिए कि मेले में प्रतिदिन नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। इसके लिए पूरे मेला क्षेत्र को अलग-अलग ब्लॉकों में विभाजित कर प्रत्येक ब्लॉक की जिम्मेदारी अलग टीम को सौंपी जाए, ताकि सफाई व्यवस्था की प्रभावी निगरानी हो सके। साथ ही पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाए जाएं और प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी रोक सुनिश्चित की जाए।बिरला ने कहा कि मेले के दौरान मोबाइल नेटवर्क प्रभावित न हो, इसके लिए पर्याप्त मोबाइल टावर लगाए जाएं। उन्होंने पूरे मेला परिसर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी हिस्सा अंधेरे में नहीं रहना चाहिए। उन्होंने पर्यटन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर मेले का विस्तृत कार्यक्रम कैलेंडर विभिन्न माध्यमों से व्यापक स्तर पर जारी करने के निर्देश भी दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग आयोजन की जानकारी प्राप्त कर सकें।

बाहर से आने वालों के लिए भी बेहतर व्यवस्था

लोकसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों से कहा कि बाहर से आने वाले दुकानदारों और आगंतुकों के लिए मेला परिसर में ही सस्ती दरों पर भोजन और आवास की व्यवस्था की जाए। साथ ही उनके लिए स्वच्छ शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं। बैठक में रामलीला के मंचन को और आकर्षक बनाने, मेले के फेज–2 की तैयारियों, पार्किंग व्यवस्था, विभिन्न नवाचारों तथा रावण दहन से पहले आकर्षक आतिशबाजी के आयोजन सहित कई विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में यह रहे उपस्थितबैठक में जिला कलेक्टर पियूष समारिया, कोटा विकास प्राधिकरण की आयुक्त बचनेश अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम, निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा के अलावा पूर्व महापौर राजीव अग्रवाल पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी पूर्व नेता प्रतिपक्ष लव शर्मा सहित निगम के अधिकारी तथा अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *