म्योरपुर, सोनभद्र। जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्यदायी संस्था जीवीपीआर इंजीनियर लिमिटेड द्वारा शुक्रवार को विकासखंड म्योरपुर की ग्राम पंचायत खैराही स्थित पंचायत भवन में जलार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य हर घर नल से जल योजना के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा जल संरक्षण के महत्व को ग्रामीणों तक पहुंचाना रहा।कार्यक्रम में ग्रामीणों, समाजसेवियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने जल को जीवन का आधार मानते हुए जल स्रोतों का पूजन-अर्चन किया तथा जल संरक्षण का संकल्प लिया। जीवीपीआर के अभियंताओं ने बताया कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही वर्षा जल संचयन, सोख्ता गड्ढों के निर्माण तथा पानी की अनावश्यक बर्बादी रोकने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में जीवीपीआर के अभियंता सुधीर कुमार ने उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। सभी ने ष्एक बूंद भी व्यर्थ न जाएष् का संकल्प लेते हुए अपने घरों एवं गांव में जल बचाने और जल श्रोतों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का वचन दिया। इस अवसर पर जीवीपीआर के जनसंपर्क अधिकारी आशीष पांडेय ने कहा कि जल जीवन मिशन की सफलता तभी संभव है, जब जनभागीदारी के साथ जल स्रोतों का संरक्षण किया जाए और हर व्यक्ति जल बचाने की जिम्मेदारी निभाए। कार्यक्रम में प्रधान प्रतिनिधि सीताराम, सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत दुबे, प्रधानाध्यापक रेनु मौर्या, रेशमी गुप्ता, प्रेमचंद्र, अनीता देवी, उर्मिला, व्यंजना राय, पंचायत सहायक काजल, गौतम, अभियंता सुधीर कुमार, सोनू खान, सुपरवाइजर अंकित कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
रॉबर्ट्सगंज में बनेगा आधुनिक वेंडर जोन, एनसीएल ने सीएसआर से 89.59 लाख किए मंजूर
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज नगर में सड़क किनारे लगने वाले ठेले, पटरी दुकानों और स्ट्रीट वेंडरों को अब व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) योजना के तहत नगर के ओवरब्रिज के नीचे आधुनिक वेंडर जोन विकसित करने के लिए 89.59 लाख की परियोजना को मंजूरी दी है।जिला प्रशासन के अनुसार, वेंडर जोन बनने के बाद सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से दुकान लगाने वाले स्ट्रीट वेंडरों को सुरक्षित और स्थायी स्थान मिलेगा। इससे उनकी आजीविका को मजबूती मिलेगी, वहीं शहर में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, पैदल राहगीरों को सुविधा मिलेगी और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण की समस्या में भी कमी आएगी। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि यह परियोजना प्रदेश सरकार की जनहितकारी नीतियों के अनुरूप नगर क्षेत्र को अधिक सुव्यवस्थित और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट वेंडरों को सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराने के साथ-साथ शहर के सौंदर्यीकरण और स्वच्छता को भी बढ़ावा मिलेगा। परियोजना का क्रियान्वयन एनसीएल मुख्यालय के सीएसआर विभाग और जिला प्रशासन के बीच होने वाले एमओयू के तहत किया जाएगा। स्वीकृत धनराशि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार चरणबद्ध ढंग से जारी होगी तथा कार्य की निगरानी उपयोगिता प्रमाण-पत्र, पूर्णता प्रमाण-पत्र और जियो-टैग्ड फोटोग्राफ के माध्यम से की जाएगी। एनसीएल ने इस परियोजना के लिए उप प्रबंधक (सीडी) राजाराम यादव को परियोजना प्रबंधक नामित किया है। परियोजना को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशासन का मानना है कि वेंडर जोन विकसित होने से रॉबर्ट्सगंज में स्ट्रीट वेंडरों के लिए बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध होगा, यातायात सुचारु होगा और नगर को अधिक स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित स्वरूप मिलेगा।
महिलाओं को 31 दिवसीय निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण शुरू
सोनभद्र। ग्रामीण क्षेत्र की शिक्षित एवं बेरोजगार युवतियों तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अग्रणी बैंक इंडियन बैंक द्वारा संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), सोनभद्र में 31 दिवसीय निःशुल्क वूमेन्स टेलर (सिलाई) प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
आरसेटी के निदेशक विशाल खन्ना ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सिलाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, स्वरोजगार के लिए प्रोजेक्ट तैयार करने, बैंक ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा अपना व्यवसाय स्थापित करने संबंधी जानकारी भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के लिए 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की बेरोजगार युवतियां एवं महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। बीपीएल एवं एसईसीसी-2011 परिवारों के सदस्यों तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी। अभ्यर्थियों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से होगा। इच्छुक महिलाएं आरसेटी भवन, सरकारी आईटीआई के पास, लोढ़ी टोल प्लाजा के पश्चिम, लोढ़ी (सोनभद्र) स्थित संस्थान में संपर्क कर आवेदन कर सकती हैं। अधिक जानकारी के लिए 9120984244 एवं 7992133781 पर संपर्क किया जा सकता है।