गाजियाबाद। ग्राम पंचायत कुशलिया, विकास खंड रजापुर, जनपद गाजियाबाद ने ग्रामीण विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए एक आदर्श पंचायत के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। पंचायत द्वारा जनभागीदारी, पारदर्शिता और नवाचार को आधार बनाकर संचालित की गई विभिन्न योजनाओं एवं पहलों से ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आया है।ग्राम पंचायत द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जा रहा है। ग्राम सभाओं, जनचौपालों एवं सूचना पटों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाती है, जिससे पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है।read more:https://khabarentertainment.in/excise-department-raids-dhabas/
पंचायत सहायक के माध्यम से ग्रामीणों को मिल रही सुविधाएं
ग्राम पंचायत में पंचायत सहायक द्वारा ग्रामीणों को विभिन्न महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, विधवा पेंशन, आय, जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, फैमिली आईडी, आयुष्मान कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य सेवाएं शामिल हैं। इन सुविधाओं के मिलने से ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से मुक्ति मिली है और समय एवं धन की बचत हो रही है।
डिजिटल पुस्तकालय बना विद्यार्थियों और युवाओं के लिए ज्ञान का केंद्र
मुख्यमंत्री पुरस्कार योजना के अंतर्गत प्राप्त अनुदान राशि से ग्राम पंचायत में डिजिटल पुस्तकालय का निर्माण कराया गया है। यह पुस्तकालय विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं एवं अन्य पाठकों के लिए अध्ययन और ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र बन गया है।
स्वच्छता एवं जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहल
ग्राम पंचायत में स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को सुविधा प्राप्त हुई है। इसके साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पानी की टंकी का सफल संचालन किया जा रहा है, जिससे अनेक परिवारों को नियमित रूप से शुद्ध पेयजल मिल रहा है।
ग्राम पंचायत में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था लागू की गई है। इससे गांव में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर हुई है तथा उपयोगकर्ता शुल्क के माध्यम से पंचायत की स्वयं की आय (OSR – Own Source Revenue) में भी वृद्धि हुई है। इस आय का उपयोग स्थानीय विकास कार्यों को गति देने में किया जा रहा है।
तालाबों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन की दिशा में कार्य
जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत द्वारा तालाबों में गंदे पानी के प्रवेश को रोकने के लिए फिल्टर चैंबरों का निर्माण कराया गया है। वहीं, अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत तालाबों का जीर्णोद्धार कर जल संचयन क्षमता में वृद्धि की गई है। इससे भूजल स्तर में सुधार के साथ-साथ तालाबों की उपयोगिता और सुंदरता भी बढ़ी है।
पर्यावरण संरक्षण के लिए ग्राम पंचायत में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया है। लगाए गए पौधों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे गांव का वातावरण स्वच्छ एवं हरित बना हुआ है।
स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं को मिला बढ़ावा
ग्रामीणों, विशेषकर युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र पंचायत के सहयोग से खेल मैदान में ओपन जिम की स्थापना कराई गई है। इससे ग्रामीणों को नियमित व्यायाम एवं स्वास्थ्य संवर्धन की सुविधा मिल रही है।
नियमित सफाई व्यवस्था से स्वच्छ वातावरण का निर्माण
ग्राम पंचायत में निर्धारित रोस्टर के अनुसार प्रतिदिन सड़कों एवं नालियों की सफाई कराई जाती है। नियमित सफाई व्यवस्था से गांव में स्वच्छ वातावरण बना हुआ है तथा संक्रामक बीमारियों की रोकथाम में सहायता मिल रही है।ग्राम पंचायत कुशालिया ने जनसहभागिता, पारदर्शी कार्यप्रणाली और नवाचार के माध्यम से ग्रामीण विकास का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। स्वच्छता, जल संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं जनसेवा के क्षेत्र में किए गए कार्यों ने पंचायत को एक आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में स्थापित किया है।ग्राम पंचायत कुशालिया की यह सफलता अन्य ग्राम पंचायतों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और ग्रामीण विकास की दिशा में एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करती है।