सोनभद्र। जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी और तेज तपिश के बीच एक ओर जहां लोगों को गर्मी से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर पहाड़ी ग्रामीण अंचलों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है।read more:https://pahaltoday.com/a-family-dispute-led-to-a-fight-in-which-a-pregnant-woman-was-also-injured-a-case-was-registered-against-three-accused/
सदर विकास खंड के सलखन ग्राम पंचायत में बुधवार को जल जीवन मिशन योजना के तहत कार्यरत कर्मचारियों एवं मजदूरों को गर्मी से बचाव के लिए ओआरएस एवं ग्लूकोज पाउडर का वितरण किया गया। जल जीवन मिशन एनसीसी के अवर अभियंता अंकुश मिश्रा ने कर्मचारियों को भीषण गर्मी से बचाव के उपाय बताते हुए अधिक से अधिक पानी पीने, धूप में निकलते समय सिर ढकने तथा नींबू-नमक का सेवन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि लोग हल्का एवं संतुलित भोजन करें तथा अधिक समय तक धूप में रहने से बचें, अन्यथा लू और अन्य बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं। इस दौरान कर्मचारियों और मजदूरों ने अवर अभियंता के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए आभार जताया। कार्यक्रम में विजय कुमार, धीरज कुमार, संजय मौर्य, कृपाल कुमार, मोनू, लालजी कुमार, विनोद कुमार, रोहित, रितेश कुमार एवं विश्वजीत मौर्य समेत कई कर्मचारी और मजदूर मौजूद रहे। वहीं, दूसरी ओर सदर विकास खंड के मारकुंडी ग्राम पंचायत समेत आसपास के पहाड़ी ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। भीषण गर्मी के कारण नदी-नाले, ताल-तलैया सूखने लगे हैं और कई सरकारी हैंडपंपों का जलस्तर नीचे चले जाने से उन्होंने भी काम करना बंद कर दिया है। इससे ग्रामीणों को दूरदराज क्षेत्रों से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। पशु-पक्षी भी पानी के लिए भटकते नजर आ रहे हैं। मारकुंडी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सूरज यादव ने बताया कि ग्राम सभा 15 टोलों में विभाजित है, लेकिन अभी तक सभी टोलों में समुचित जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। कई स्थानों पर पाइपलाइन का कार्य भी अधूरा पड़ा है, जबकि सरकारी और गैरसरकारी हैंडपंप भी जवाब दे चुके हैं। ग्रामीणों और क्षेत्रीय लोगों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से खराब हैंडपंपों की मरम्मत कराने तथा गांवों में समुचित जलापूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।