डबल डेकर बस पलटी 25 तीर्थ यात्री घायल, एक रेफर

Share
डबल डेकर बस पलटी 25 तीर्थ यात्री घायल, एक रेफर
बस्ती जिले से रामेश्वरम दर्शन करने के लिए जा रहे थे सभी तीर्थ यात्री, मारकुंडी घाटी में हुई दुर्घटना।
बस में 65 यात्री थे सवार, बाकी लोगों को आई हल्की-फुल्की चोटें।
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के मारकुंडी घाटी के दूसरे मोड़ पर बुधवार की रात करीब 2:15 बजे रामेश्वरम तीर्थ यात्रियों को लेकर जा रही डबल डेकर बस पलट गई। जिससे उसमें सवार 25 लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसमें एक की हालत गंभीर होने पर वाराणसी रेफर कर दिया गया। बस्ती जिले से एक डबल डेकर बस पर सवार होकर तीर्थ यात्री रामेश्वरम दर्शन करने के लिए जा रहे थे। मारकुंडी घाटी की दूसरे मोड़ पर पहुंचते ही बस अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे मौके पर चीख पुकार मच गई। दुर्घटना होते ही सड़क से गुजर रहे कुछ लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही राबर्ट्सगंज कोतवाली व गुरमा चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से 40 वर्षीय चतुर्भुज, 55 वर्षीय निर्मला, 60 वर्षीय श्रीकांति, 32 वर्षीय भीम उपाध्याय, 62 वर्षीय पुजारी शर्मा, 61 वर्षीय सुभाष राय 60, वर्षीय सावित्री बोईन, 65 वर्षीय रामसकल, 65 वर्षीय शंभू, 56 वर्षीय दयाराम 65 वर्षीय कृष्णा, 65 वर्षीय सूर्यनारायण, 50 वर्षीय प्रमिला, शीला, 63 वर्षीय विजय, 65 वर्षीय रामचंद्र, 65 वर्षीय रविंद्र नाथ, कमलावती, 19 वर्षीय विवेक, 65 वर्षीय कपिल मुनि,ब60 वर्षीय जनक, 55 वर्षीय गिरिजेश, 62 वर्षीय मांडवी, 55 वर्षीय नेबुलाल व 48 वर्षीय सरोज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चतुर्भुज की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। जबकि बाकी तीर्थ यात्रियों का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है। रॉबर्ट्सगंज थाना प्रभारी शिव प्रकाश वर्मा ने बताया कि डबल डेकर बस में कुल 65 यात्री सवार थे।  दुर्घटना में 25 लोग घायल हुए हैं, जिसमें तीन यात्रियों को अधिक चोटें आई हैं। सभी तीर्थ यात्री बस्ती जिले से रामेश्वरम दर्शन करने के लिए जा रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *