शेरकोट । सरकारी भूमि के अभिलेखों में कथित तौर पर कूटरचना कर नाम-पता दर्ज कराने और इसके बाद भूमि की खरीद-फरोख्त करने के मामले में शेरकोट पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में नामजद दंपती को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहीं एक अन्य वांछित आरोपी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्रीय लेखपाल यशवीर सिंह ने 27 सितंबर को थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपियों ने षड्यंत्र के तहत ग्राम समाज की पट्टे की भूमि के अभिलेखों में कथित रूप से फर्जी नाम-पता दर्ज कराए। मामला खसरा संख्या 103 में दर्ज करीब 1.265 हेक्टेयर भूमि से जुड़ा बताया गया है। आरोप है कि कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर भूमि का नियम विरुद्ध क्रय-विक्रय किया गया।read more:https://pahaltoday.com/protest-by-the-all-gondwana-students-association-and-the-gond-community/मामले की विवेचना के दौरान अजमुद्दीन पुत्र अहतसामुद्दीन, उसकी पत्नी आसमा तथा फहीम पुत्र अहतसामुद्दीन, निवासी ग्राम हरेवली के नाम प्रकाश में आए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजमुद्दीन और उसकी पत्नी आसमा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।पुलिस का कहना है कि मामले में वांछित आरोपी फहीम की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इसके अलावा मुकदमे में छह आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किए जाने की बात भी पुलिस ने बताई है।सीओ आलोक कुमार ने बताया कि मामले की विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयासरत है।