सहारनपुर। लखनऊ में कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नगर निगम के पार्षद एवं कार्यकारिणी सदस्य मंसूर बदर ने सहारनपुर में संचालित कोचिंग सेंटरों और भीड़भाड़ वाले कार्यालयों की सुरक्षा जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लखनऊ जैसी दर्दनाक घटना से सबक लेते हुए प्रशासन को समय रहते आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी किसी दुर्घटना की पुनरावृत्ति न हो। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पार्षद मंसूर बदर और पार्षद दल के सदस्यों ने दिवंगत छात्रों को खिराज-ए-अकीदत पेश करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मंसूर बदर ने कहा कि यह हादसा पूरे देश के लिए बेहद दुखद और चिंताजनक है। ऐसी घटनाएं यह संदेश देती हैं कि सार्वजनिक स्थानों, शिक्षण संस्थानों और व्यावसायिक भवनों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना कितना आवश्यक है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि सहारनपुर में संचालित सभी कोचिंग सेंटरों, शैक्षणिक संस्थानों तथा भीड़भाड़ वाले कार्यालयों की अग्निशमन विभाग और संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त रूप से जांच कराई जाए। साथ ही भवनों में आपातकालीन निकास, अग्निशमन उपकरणों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की जाए।read more:https://pahaltoday.com/consumers-booked-for-gas-refill-booking/उन्होंने कहा कि आने-जाने के रास्तों और भवनों की संरचना का भी परीक्षण होना चाहिए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। मंसूर बदर ने कहा कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी भविष्य में बड़े हादसों को जन्म दे सकती है। इसलिए प्रशासन को अभी से सतर्कता बरतते हुए व्यापक अभियान चलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पार्षद समीर अंसारी, सईद सिद्दीकी, इजहार मंसूरी, महमूद हसन, जफर अंसारी, मेनपाल, आसिफ अंसारी, गुलजेब खान, डॉ. मंसूर, रईस पप्पू सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने मृत छात्रों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके परिवारों को इस दुख की घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।