सहारनपुर। अयोध्या स्थित राम मंदिर में दान एवं चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मुद्दे को लेकर बुधवार को जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिंह राणा एवं महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और इससे जुड़े किसी भी मामले में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन स्वीकार करते हुए वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी विकास पांडे ने आश्वासन दिया कि ज्ञापन को शासन स्तर तक पहुंचाया जाएगा। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने कहा कि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दी गई दान राशि और चढ़ावे से जुड़े मामलों में उठ रहे सवालों का स्पष्ट जवाब देश की जनता को मिलना चाहिए।read more:https://pahaltoday.com/co-gave-instructions-for-action-against-anarchists-and-drug-addicts/उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता के आरोप सामने आए हैं तो उनकी स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जानी आवश्यक है। संदीप राणा ने कहा कि हाल के दिनों में इस विषय को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चाएं हुई हैं, जिससे जनमानस में सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी अथवा उच्च न्यायिक निगरानी में कराई जाए, ताकि सभी तथ्य निष्पक्ष रूप से सामने आ सकें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आवश्यक हो तो विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच को आगे बढ़ाया जाए। महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी ने कहा कि राम मंदिर देशवासियों की आस्था और विश्वास का प्रतीक है। ऐसे में उससे जुड़े किसी भी प्रकरण में पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व प्रदेश सचिव अशोक सैनी, पूर्व महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा तथा जिला उपाध्यक्ष सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि धार्मिक संस्थाओं एवं सार्वजनिक ट्रस्टों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही लोकतांत्रिक व्यवस्था की मूल आवश्यकता है। प्रदर्शन में जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, सेवादल जिलाध्यक्ष इमरान कुरैशी, चैधरी गालिब, सोनू पठान, हरिओम मिश्रा, नीरज कपिल, इकराम खान, प्रभजीत सिंह लांबा, कार्तिक राणा, आदित्य राणा, रजनीश प्रधान, राजू प्रधान, अजय त्यागी, अनुज शर्मा, नसीब खान, दीपक सैनी, शाहबाज आजाद, अमित शर्मा, मयंक शर्मा, फैज खान, राकेश मोहन शर्मा, जमशेद अली, जमाल अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।