गड्ढे में फंसा बॉक्साइट लदा ट्रक, टला बड़ा हादसा

Share

म्योरपुर, सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के मुर्धवा-बीजपुर मुख्य मार्ग पर आश्रम मोड़ के समीप सोमवार सुबह बॉक्साइट लदा ट्रक सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे में फंसकर एक तरफ झुक गया। ट्रक के पलटने की आशंका से मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी की स्थिति रही। गनीमत रही कि ट्रक पूरी तरह नहीं पलटा और बड़ा हादसा टल गया।बताया गया कि ट्रक छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से बॉक्साइट लादकर रेणुकूट जा रहा था। आश्रम मोड़ के समीप पहुंचने पर सड़क किनारे हर घर जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढे में ट्रक का पहिया चला गया।read more:https://pahaltoday.com/protest-by-the-all-gondwana-students-association-and-the-gond-community/ बारिश के कारण गड्ढे में पानी और कीचड़ भरा होने से ट्रक का पिछला हिस्सा उसमें बुरी तरह धंस गया और वाहन एक तरफ झुक गया। घटना के बाद मार्ग पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। आसपास मौजूद लोगों की मदद से ट्रक को निकालने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद गड्ढों को ठीक तरीके से भरकर सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया है। बारिश के बाद स्थिति और खतरनाक हो गई है, जिससे आए दिन वाहन फंस रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक कुछ दिन पूर्व सवारियों से भरी एक बस का पहिया भी इसी गड्ढे में फंस गया था। लोगों ने संबंधित विभाग से मामले का संज्ञान लेते हुए खुले गड्ढों को तत्काल भरवाने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *