बड़हलगंज। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट के आह्वान पर बड़हलगंज क्षेत्र की सभी दवा दुकानें आगामी 20 मई, बुधवार को बंद रहेंगी। इस संबंध में बड़हलगंज दवा विक्रेता समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक पटना चौराहे के समीप स्थित बालाजी सर्जिकल प्रतिष्ठान पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष राम गोविंद यादव उर्फ मंटू ने की।read more:https://pahaltoday.com/bhajans-echoed-in-rani-sati-dadi-temple-on-bat-savitri-amavasya/बैठक में क्षेत्र के दवा व्यापारियों ने एकमत होकर निर्णय लिया कि ऑनलाइन दवा बिक्री, कार्पोरेट कंपनियों द्वारा भारी छूट पर दवा बिक्री तथा नकली एवं भ्रामक दवाओं के निर्माण और बिक्री के विरोध में सांकेतिक रूप से दुकानें बंद रखी जाएंगी। व्यापारियों ने सरकार से मांग की कि दवा व्यवसाय और उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन दवा बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए तथा गहरे डिस्काउंट की व्यवस्था पर रोक लगाई जाए।समिति के अध्यक्ष राम गोविंद यादव उर्फ मंटू ने कहा कि दवा व्यवसाय केवल व्यापार नहीं बल्कि सेवा का माध्यम है। स्थानीय दवा विक्रेता दिन-रात लोगों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराते हैं, लेकिन ऑनलाइन कंपनियों और बड़े कार्पोरेट घरानों की मनमानी के कारण छोटे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सरकार ने इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया तो छोटे दवा व्यवसायियों का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा।समिति के महामंत्री धर्मराज सोनकर ने कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और बड़ी कार्पोरेट कंपनियों की मनमानी के कारण छोटे दवा व्यापारियों का अस्तित्व संकट में पड़ता जा रहा है। साथ ही नकली और बिना मानक की दवाओं की बिक्री से आम जनता के स्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है। उन्होंने कहा कि दवा व्यापारियों की यह बंदी केवल व्यापारिक हितों के लिए नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेंद्र राय, मोहम्मद अशरफ, अंकित कुमार, उमेश कुमार यादव, विनोद पांडेय, धीरज पटेल, गोपाल पाल, सूर्य प्रताप शाही, दिनेश चौरसिया, मिंकू पटेल सहित बड़ी संख्या में दवा व्यापारी उपस्थित रहे।