बाराबंकी। आगामी जुलाई माह में संचालित होने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की तैयारियों की समीक्षा जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा अभियान के सफल संचालन हेतु की जा रही तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। डीएम ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को क्षेत्रीय भ्रमण बढ़ाने, रोग नियंत्रण गतिविधियों की नियमित निगरानी करने तथा जनसामान्य को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला पंचायत राज विभाग एवं नगर निकायों को सफाई व्यवस्था सुदृढ़ रखने, नालियों की नियमित सफाई, जलभराव वाले स्थलों की पहचान तथा स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को अभियान के रूप में संचालित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए जलभराव एवं गंदगी पर प्रभावी नियंत्रण आवश्यक है। बैठक में निर्देशित किया गया कि जहां भी जलभराव की स्थिति हो, वहां एंटी लार्वा दवा एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाए ताकि मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सके।read more:https://pahaltoday.com/the-strait-of-hormuz-will-not-be-opened-by-agreement-alone-removing-marine-mines-will-take-time/साथ ही बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा अन्य संबंधित विभागों को अपने-अपने माध्यमों से जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों को संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्त्रियां घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव, स्वच्छता तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराएं। बैठक में बताया गया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक तथा दस्तक अभियान 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा। बैठक में सीडीओ अन्ना सुदन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी रंजन गौतम, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारीगण, डिप्टी सीएमओ, जिला मलेरिया अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।