बाराबंकी। गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को गांधी भवन एक बार फिर देश की विशिष्ट प्रतिभाओं के सम्मान का साक्षी बनेगा। गांधी जयंती सप्ताह के अंतर्गत आयोजित सामाजिक सहभागिता सम्मान समारोह में पत्रकारिता, साहित्य, शिक्षा, समाजसेवा, चिकित्सा और विधि जगत की नामचीन हस्तियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। समारोह शाम छह बजे शुरू होगा। समारोह के संयोजक राजनाथ शर्मा ने बताया कि इस वर्ष वरिष्ठ पत्रकार, गांधीवादी अध्येता और देश के प्रतिष्ठित चिंतक राहुल देव को ‘महात्मा गांधी सम्मान’ से अलंकृत किया जाएगा। यह सम्मान उनके लंबे समय से पत्रकारिता और वैचारिक विमर्श के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जा रहा है। सामाजिक सहभागिता सम्मान श्रृंखला के तहत वरिष्ठ पत्रकार नवीन जोशी को ‘आचार्य नरेंद्र देव सम्मान’, जेपी आंदोलन से जुड़े रामसेवक यादव को ‘जेपी सेनानी सम्मान’ तथा प्रख्यात समाजवादी चिंतक, लेखक और कवि उदय प्रताप सिंह को ‘डॉ. लोहिया सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/ इसके अलावा राष्ट्रवादी अध्येता एवं भाजपा नेता मनीष शुक्ला को ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय सद्भावना अवार्ड’, समाजसेविका राखी कबीर को ‘अरुणा आसफ अली सम्मान’ तथा जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय राय स्वारेश्वर बली को ‘चंद्रभानु गुप्ता जनसेवा सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। वरिष्ठ पत्रकार एवं दलित चिंतक राजेंद्र गौतम को ‘डॉ. भीमराव आंबेडकर सम्मान’, शिक्षाविद सुजीत चतुर्वेदी को ‘डॉ. संपूर्णानंद शिक्षा सम्मान’ और वरिष्ठ पत्रकार तथा राज्यसभा चौनल के पूर्व संपादक अरविंद कुमार सिंह को ‘प्रभाष जोशी पत्रकारिता सम्मान’ से नवाजा जाएगा। साहित्य के क्षेत्र में नागरी प्रचारिणी सभा के प्रधानमंत्री व्योमेश शुक्ल को ‘मनु शर्मा हिंदी साहित्य सम्मान’ तथा प्रख्यात शायर हसन काज़मी को ‘मजाज़ उर्दू साहित्य सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए प्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. सरवर जमाल को सम्मानित किया जाएगा। विधि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए अवध बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता पं. एस. चंद्रा, वरिष्ठ अधिवक्ता बदरुल हसन और मुईन अहमद एडवोकेट को ‘जस्टिस रामभूषण मेहरोत्रा विधि सम्मान’ दिया जाएगा। आयोजकों के अनुसार समारोह में प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों से सामाजिक, बौद्धिक और सांस्कृतिक जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होंगी। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित यह समारोह समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों और रचनात्मक योगदान की परंपरा को भी नई ऊर्जा देगा।