भदोही। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 5 जून से 21 जून तक जनपद भदोही में “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान के 12 वर्ष” विषय पर विशेष जनसंपर्क एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। प्रभारी मंत्री एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर तैयारियों की समीक्षा कर दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्र-राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं व उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। कार्यक्रमों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। मंत्री ने कहा कि 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस पर एक पेड़ मां के नाम अभियान चलाया जाएगा। नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, अमृत सरोवर, नदी-नहर किनारे वृक्षारोपण किया जाएगा।read more:https://pahaltoday.com/13479-rupees-refunded-to-the-account-of-the-victim-of-cyber-fraud/ सिटी फॉरेस्ट व फलदार प्रजातियों पर फोकस करें। स्कूल-कॉलेज, स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि 8 से 14 जून तक शिक्षाविद्, सामाजिक कार्यकर्ताओं से संवाद कर सरकार की योजनाओं की जानकारी व सरकार आपके द्वार के तहत जनसमस्याओं का निस्तारण करें। वहीं 14 से 16 जून तक विकासखंड व नगर मुख्यालयों पर जनकल्याण शिविर व स्वास्थ्य मेले का आयोजन कर आयुष्मान भारत, पीएम मातृ वंदना, पीएम किसान, पीएम स्वनिधि, अटल पेंशन समेत योजनाओं की जानकारी व लाभार्थियों की सफलता की कहानियां बताए। 17 से 20 जून तक विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में जनपद स्तरीय विकास प्रदर्शनी। योग, महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण, कानून-व्यवस्था को पहले और अब थीम पर प्रदर्शन किया जाएगा। 18-19 जून तक प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन कर गौ-आधारित खेती, जल संरक्षण, कम लागत की कृषि तकनीक पर किसानों से संवाद होना है। 20 जून को रात्रि चौपाल, जनप्रतिनिधि-अधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिसमें युवा, महिला, एनसीसी, पुलिस, स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी होगी। प्रभारी मंत्री ने सभी कार्यक्रम प्लास्टिक मुक्त रखने, व्यापक प्रचार-प्रसार करने, नगरों में स्वच्छता व निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे, डीएम शैलेश कुमार, एसपी अभिनव त्यागी सहित समस्त जिलास्तर अधिकारी व काफी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।