साक्षरता दिवस पर गाजीपुर में निकली विशाल प्रभात फेरी, शिक्षा के प्रति जागरूकता का दिया संदेश

Share
गाजीपुर। अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर 08 सितंबर को बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित साक्षरता पखवाड़ा के तहत जनपद के सभी 16 विकास खंडों एवं नगर क्षेत्र सहित कुल 17 शैक्षणिक क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देशन और खंड शिक्षा अधिकारियों की देखरेख में परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों ने विभिन्न क्षेत्रों में विशाल प्रभात फेरी निकालकर शिक्षा के महत्व का संदेश दिया।प्रभात फेरी में छात्र-छात्राएं हाथों में शिक्षा की महत्ता से संबंधित तख्तियां और बैनर लेकर चल रहे थे। इस दौरान “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे”, “घर-घर विद्या दीप जलाओ, अपने बच्चे को पढ़ाओ” तथा “पढ़ेगा इंडिया, तभी तो बढ़ेगा इंडिया” जैसे प्रेरणादायी नारों से ग्रामीणों एवं अभिभावकों को बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन और नियमित उपस्थिति के लिए जागरूक किया गया।प्रभात फेरी विद्यालय परिसर से शुरू होकर ग्राम पंचायतों के प्रमुख मार्गों, मोहल्लों एवं सार्वजनिक स्थलों से होकर गुजरी।read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/ इसमें ग्राम प्रधानों, अभिभावकों तथा विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) के सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अभियान का उद्देश्य नवभारत साक्षरता कार्यक्रम (उल्लास) और निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही निरक्षरता को समाप्त करने के लिए समाज में जागरूकता पैदा करना रहा।इस अवसर पर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों ने कहा कि शिक्षित समाज ही सशक्त राष्ट्र की मजबूत नींव रखता है। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ निःशुल्क यूनिफॉर्म, पाठ्य-पुस्तकें और मध्याह्न भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से इन सुविधाओं का लाभ उठाते हुए बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आह्वान किया।कार्यक्रम के समापन पर शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और ग्रामवासियों को समाज के प्रत्येक व्यक्ति को साक्षर बनाने तथा सभी को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान पूरे जनपद में शिक्षा और साक्षरता के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *