सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सहारनपुर को 613 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए जिले के विकास को नई गति प्रदान की। महाराज सिंह डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित विशाल जनसभा में उन्होंने 32 करोड़ रुपये से अधिक लागत की सात परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 581 करोड़ रुपये से अधिक लागत की तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, टूलकिट और सहायता राशि भी वितरित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत विरासत की नींव पर ही विकसित भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि विकास केवल सड़क, भवन और पुल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अर्थव्यवस्था, रोजगार और सामाजिक परिवर्तन का आधार बनता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर ने जिले की राजधानी से दूरी कम कर दी है और अब सहारनपुर तेजी से विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क और रेलवे कनेक्टिविटी के बाद अब सहारनपुर को शीघ्र ही अपना एयरपोर्ट भी मिलेगा। मेडिकल कॉलेज के दूसरे चरण का विस्तार, 135 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और अन्य आधारभूत परियोजनाएं जिले के विकास को नई दिशा देंगी। उन्होंने कहा कि शुद्ध पेयजल, बेहतर सीवरेज व्यवस्था और आधुनिक शहरी सुविधाएं सरकार की प्राथमिकता हैं। जनसभा में मुख्यमंत्री ने शाकंभरी देवी धाम के भव्य कॉरिडोर का उल्लेख करते हुए कहा कि एलिवेटेड कॉरिडोर और आधुनिक फैसिलिटेशन सेंटर बनने के बाद वर्षभर श्रद्धालुओं को बिना किसी बाधा के दर्शन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार धार्मिक आस्था और विकास दोनों को समान महत्व देते हुए कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने सहारनपुर की विश्वप्रसिद्ध वुड कार्विंग कला की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां के कारीगरों ने कठिन परिस्थितियों में भी अपनी पारंपरिक कला को जीवित रखा है। एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के माध्यम से सहारनपुर की वुड कार्विंग को वैश्विक पहचान मिली है और आज यहां से 600 करोड़ रुपये से अधिक के उत्पाद विदेशों में निर्यात हो रहे हैं।read more:https://pahaltoday.com/the-film-bolo-radhe-radhe-has-the-power-to-shake-our-soul-along-with-entertainment-ravi-bhatia/इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रोवर तकनीक आधारित भूमि पैमाइश अभियान का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि एक जुलाई से 15 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान से आधुनिक तकनीक के माध्यम से भूमि की सटीक पैमाइश होगी, जिससे राजस्व विवादों में कमी आएगी और पारदर्शिता बढ़ेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, कृषि यंत्रीकरण योजना तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और सहायता सामग्री वितरित की गई। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को करोड़ों रुपये की सहायता राशि का प्रतीकात्मक चेक भी सौंपा गया। लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की संवेदनशील कार्यशैली के कारण सहारनपुर को लगातार विकास योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने शाकंभरी क्षेत्र में बाढ़ के दौरान मुख्यमंत्री के त्वरित दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ी रहती है। राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और उत्तर प्रदेश निवेश, रोजगार तथा औद्योगिक विकास के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से लाखों युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, विधायक राजीव गुंबर, देवेंद्र निम, मुकेश चैधरी, कीरत सिंह, विधान परिषद सदस्य वंदना वर्मा, यूपी सिडको अध्यक्ष वाई.पी. सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, प्रदीप चैधरी, पूर्व मंत्री संजय गर्ग, पूर्व विधायक धर्म सिंह सैनी, जगपाल सिंह, नरेश सैनी, पूर्व महापौर संजीव वालिया, मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और हजारों नागरिक उपस्थित रहे।