शक्तिनगर, सोनभद्र। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के एनटीपीसी परिसर शक्तिनगर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई प्रथम एवं तृतीय के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन गुरुवार को चिल्काडांड पंचायत भवन में स्वच्छता जागरूकता विषय पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान के सामने आने वाली चुनौतियों पर अपने विचार व्यक्त किए और लोकगीतों के माध्यम से ग्रामीणों का ध्यान स्थानीय समस्याओं की ओर आकर्षित किया।पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़े रोहित विश्वकर्मा ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र में स्वच्छता के प्रति जागरूकता का अभाव है। व्यस्त जीवनशैली के कारण लोग साफ-सफाई के महत्व को नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि स्वच्छता स्वस्थ समाज की आधारशिला है। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनोद कुमार पाण्डेय एवं डॉ. छोटेलाल प्रसाद के संयुक्त नेतृत्व में क्षेत्र में स्वच्छता जागरूकता अभियान को और तेज करने का निर्णय लिया गया। शिविर के दूसरे सत्र में करीब 100 स्वयंसेवकों ने जागरूकता रैली निकालकर चिल्काडांड प्राथमिक विद्यालय और सनराइज पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं को स्वच्छता का संदेश दिया। स्वयंसेवकों ने छात्रों को भोजन से पहले हाथ धोने, पॉलिथीन के प्रयोग से बचने, जंक फूड से दूरी बनाने तथा नियमित व्यायाम और खेलकूद में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। रैली शिविर स्थल से प्रारंभ होकर चिल्काडांड बस्ती और निमियांटांड बस्ती से होते हुए पुनः पंचायत भवन पहुंचकर समाप्त हुई। दोपहर भोजन के बाद स्वयंसेवकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत डॉ. विनोद कुमार पाण्डेय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. छोटेलाल प्रसाद ने किया। शिविर में 100 से अधिक स्वयंसेवकों ने भाग लिया। इस दौरान चांदनी श्रीवास्तव, मधु केसरी, अर्चना जायसवाल, विद्या विश्वकर्मा, साक्षी दुबे, खुशी वर्मा, मानसी जायसवाल, सबा बानो, विशेष, शिवांशी, पंकज, हिमांशु और आशुतोष सहित अन्य स्वयंसेवकों का सहयोग सराहनीय रहा।