बिना वैध पहचान पत्र के एसिड का न करें बिक्री, अन्यथा होगी कार्रवाई 

Share

सोनभद्र। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 के तहत जनपद में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी यातायात एवं सहायक नोडल अधिकारी मिशन शक्ति 5.0 डा चारु द्विवेदी के नेतृत्व में सभी थाना क्षेत्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। अभियान के दौरान गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय, महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनी प्रावधानों, हेल्पलाइन सेवाओं तथा साइबर अपराध से बचाव के तरीकों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल व लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, बैंकिंग धोखाधड़ी और ओटीपी साझा न करने को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई। इसी क्रम में महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए जनपद के विभिन्न बाजारों में एसिड व तेजाब बेचने वाली दुकानों की विशेष जांच भी की गई। दुकानदारों को बिना वैध पहचान पत्र और अभिलेख के एसिड बिक्री न करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्टॉक रजिस्टर और सीसीटीवी व्यवस्था की भी जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *