गाजीपुर जमानियां । आगामी त्योहारों को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दे रहा है। अमन-चैन बनाए रखने के लिए संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस द्वारा रात्रि के समय सघन पैदल गश्त की जा रही है।पुलिस की इस गश्त का मुख्य उद्देश्य असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखना, जनता में सुरक्षा की भावना पैदा करना तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से सतर्क रहना है।पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार के मार्गदर्शन में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने रविवार की रात पुलिस टीम के साथ एनएच-24 मार्ग से होते हुए स्टेशन बाजार सहित प्रमुख बाजारों में पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिस ने बाजार और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की तथा वाहनों की चेकिंग भी की।गश्त के दौरान पुलिस बल मुख्य बाजार, कस्बा बाजार और स्टेशन बाजार के भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मौजूद रहा और लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही असामाजिक एवं शरारती तत्वों को सख्त चेतावनी भी दी गई।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्हें आने वाले त्योहारों को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि शांति-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस दौरान उपनिरीक्षक दीपक मिश्रा, मुकुल मिश्रा, अभय कुमार तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।