कांग्रेस प्रत्याशी ने जीता सभासद पद का उपचुनाव
107 मतों से उन्होंने हराया अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दल प्रत्याशी को
भदोही। नगर पंचायत नई बाजार के वार्ड संख्या 10 अंबेडकर नगर में सभासद पद के उपचुनाव में बुधवार को तहसील में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतों की गणना हुई। जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी शमशीर अहमद अंसारी ने 261 मत पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी निर्दल प्रत्याशी मोबीन अहमद को 107 वोटों से हरा दिया। उनको कुल 154 मत मिले। उक्त वार्ड के सभासद समसुद्दीन अंसारी के निधन के बाद सभासद का पद रिक्त चल रहा था। जिसके लिए चुनाव कराया गया। जिसमें कुल सात प्रत्याशी मैदान में थे। नगर के मदरसा फैजूल उलूम में बनाए गए मतदान केंद्र पर 8 जुलाई को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हुआ था। जिसमें कुल 1089 मतदाताओं में से 662 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच तहसील सभागार में मतों की गणना हुई। जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी शमशीर अहमद अंसारी को 261 मत मिलें। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दल प्रत्याशी मोबीन अहमद 154 वोट पाएं। शमशीर अहमद अंसारी ने उनको 107 मतों से हरा दिया। तीसरे स्थान पर एहसान अंसारी रहे। उनको 118 मत प्राप्त हुए। जबकि शमीम मंसूरी को 68, मुश्ताक अहमद को 41, सुहैल हाशमी को 9 व शहनवाज अंसारी को 7 मत मिले। 4 मत को अवैध घोषित किया गया। शमशीर अहमद अंसारी को जीत का प्रमाण पत्र दिया गया। विजई प्रत्याशी शमशीर अहमद अंसारी इससे पहले दो बार चुनाव लड़ें थे और दोनों ही बार उसको हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन इस उपचुनाव में उन्होंने जीत हासिल की। चुनाव जीतने के बाद उनके समर्थकों और कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ.राजेंद्र दुबे राजन, पूर्व प्रदेश सचिव वसीम अंसारी व युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष नाजिम अली सहित अन्य नेताओं ने फूल माला पहनाकर उनको जीत की बधाई दी।