अध्यक्ष की खदान में ही खनन नियमों की अनदेखी, जांच की मांग

Share

सोनभद्र। ओबरा तहसील क्षेत्र के पत्थर खनन क्षेत्र में खनन नियमों की अनदेखी का मामला एक बार फिर चर्चा में है। डाला चढ़ाई स्थित श्रीराम एसोसिएट के पार्टनर एवं बिल्ली-मारकुंडी क्रेसर एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार सिंह की खदान से निर्धारित मात्रा से अधिक पत्थर की निकासी कराए जाने का आरोप सामने आया है। जनचर्चा है कि खदान की आड़ में निर्धारित मात्रा से अधिक हैवी ब्लास्टिंग के जरिए पत्थर का अवैध खनन धड़ल्ले से कराया जा रहा है। सबसे गंभीर सवाल यह है कि जिस खनन क्षेत्र के एसोसिएशन के अध्यक्ष की खदान में ही कथित तौर पर नियमों की अनदेखी हो रही है, वहां अन्य खदानों में खनन नियमों के अनुपालन की स्थिति क्या होगी, यह वखूबी समझा जा सकता है। इतना ही नहीं, संबंधित खदान में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि खनन कार्य के दौरान श्रमिकों की सुरक्षा के जरूरी इंतजामों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में खनन विभाग और जिला प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी मौके पर जांच कर निर्धारित मात्रा से अधिक खनन और मजदूरों की सुरक्षा से जुड़े आरोपों की पड़ताल करते हैं या मामला कागजी कार्रवाई तक ही सीमित रहता है। उधर अवैध खनन के सवाल पर ओबरा एसडीएम ने सेलफोन पर कहा कि आप लिखित शिकायत करिए। बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/
प्रतिदिन की क्षमता 426.66 घनमीटर, बावजूद फर्राटा भर रहे सैकड़ों टीपर
भरोसेमंद सूत्रों ने बताया कि श्रीराम एसोसिएट की खदान से प्रतिवर्ष करीब एक लाख 28 हजार घनमीटर पत्थर की निकासी कराने की अनुमति है। प्रतिमाह किंन्ही वजहों से यदि 25 दिन ही काम चलता है तो इस खदान से प्रतिदिन 426.66 घनमीटर पत्थर की निकासी करीब 54 टीपरों के माध्यम से करायी जा सकती है, बावजूद इसके इस खदान से प्रतिदिन पत्थर लेकर फर्राटा भरते सैकड़ों की संख्या में टीपरों को आसानी से देखा जा सकता है। सूत्रों ने बताया कि खदान की आड़ में चल रहे अवैध खनन के इस काले कारोबार पर पर्दा डालने के लिए मौके पर सीसीटीबी कैमरे भी नहीं लगाए गए हैं। सूत्रों ने कहा कि मामले की यदि जिला प्रशासन स्वतंत्र जांच करा दे तो अवैध खनन की पुष्टि हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *