जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर में 18 से 21 नवंबर 2026 तक पूर्वी क्षेत्र अंतरविश्वविद्यालयीय कबड्डी (पुरुष) प्रतियोगिता 2026–27 का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता विश्वविद्यालय परिसर स्थित मेजर ध्यानचंद इनडोर स्टेडियम में आयोजित होगी। पूर्वी क्षेत्र के 60 से अधिक विश्वविद्यालयों की टीमें इसमें भाग लेंगी, जिनमें लगभग 800 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलपति सभागार में मंगलवार को आयोजित बैठक में कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि 14 प्रदेशों से लगभग 800 खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग लेने आ रहे हैं। उनके विश्वविद्यालय गेट से आगमन, हॉस्टल में ठहराव, नाश्ता, भोजन, खेल मैदान तक पहुंच एवं विदाई—हर चरण में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।कुलपति प्रो. सिंह ने कहा कि अच्छी आतिथ्य-सत्कार व्यवस्था से न केवल प्रतिभागी खिलाड़ियों को अपनेपन का अनुभव होगा, बल्कि इससे 14 प्रदेशों में विश्वविद्यालय की छवि भी सकारात्मक एवं बेहतर बनेगी। उन्होंने सभी आयोजन समितियों से आपसी समन्वय, समयबद्ध तैयारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा।read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/उन्होंने विशेष रूप से भोजन, आवास, स्वच्छता, परिवहन, चिकित्सा, सुरक्षा एवं खेल स्थल की गुणवत्ता पर ध्यान देने के निर्देश दिए।बैठक में खेलकूद परिषद के सचिव प्रो. शेखर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के सुचारू संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों एवं समितियों के बीच समन्वय सुनिश्चित किया जा रहा है। खिलाड़ियों के स्वागत, पंजीकरण, आवास, भोजन, परिवहन, खेल स्थल, प्राथमिक उपचार एवं अनुशासन संबंधी व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की गई हैं। उन्होंने कहा कि खेल के माहौल में अनुशासन, खेल भावना और पारस्परिक सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान प्रशासनिक तैयारियों में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के आवास, भोजन, स्वच्छता, पानी, बिजली, सुरक्षा तथा सूचना-संपर्क व्यवस्था को नियमित रूप से जांचा जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि प्रतिभागियों की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए त्वरित समाधान की व्यवस्था रहे।छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा। हॉस्टल में रहने, भोजन, नाश्ता, चिकित्सा सहायता, खेल स्थल तक पहुंच एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।इस अवसर पर वित्त अधिकारी विनोद कुमार , प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. अविनाश पाथर्डीकर, प्रो. प्रदीप कुमार, डॉ. मनीष कुमार गुप्ता, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. शशिकांत यादव, डॉ. अन्नू त्यागी, डॉ. नितेश जायसवाल, रजनीश सिंह सहित आयोजन से संबंधित समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।