सुदेश त्रिपाठी भारत-नेपाल सीमा के महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार सोनौली में जाम की समस्या अब आम लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। नगर पंचायत क्षेत्र में सड़कों पर बेतरतीब खड़ी सवारी गाड़ियां, ई-रिक्शा चालकों की मनमानी, जगह-जगह लगे ठेले और दुकानदारों की ओर से किए गए अतिक्रमण ने यातायात व्यवस्था को बदहाल कर दिया है। हालात यह हैं कि अब दुकानों के बाहर लगे साइनबोर्ड भी सड़क की आधी पट्टी तक पहुंच गए हैं। तेजी से बढ़ रही चिकन-मटन की दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के कारण सड़क और नालियों पर अतिक्रमण का दायरा लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है।
सड़क की आधी पट्टी तक दुकानदारों का कब्जा
सोनौली में मुख्य सड़क के किनारे तक अतिक्रमण की तस्वीर साफ दिखाई देती है। चिकन-मटन की दुकानों सहित कई प्रतिष्ठानों के बाहर सामान और साइनबोर्ड सड़क की ओर काफी आगे तक लगा दिए गए हैं। कई जगह दुकानों के प्रचार बोर्ड सड़क की आधी पट्टी तक पहुंच गए हैं। इसके चलते सड़क पर वाहनों के आवागमन के लिए जगह कम होती जा रही है। सवाल यह है कि सार्वजनिक सड़क पर इस तरह कब्जा करने की छूट आखिर किसने दे रखी है? क्या नगर पंचायत और प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों को यह सब दिखाई नहीं देता?read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/
नालियों पर कब्जा, सड़क पर दुकानदारी
नगर पंचायत की ओर से बनाई गई नालियों का उद्देश्य जल निकासी और सड़क किनारे बेहतर व्यवस्था बनाए रखना है, लेकिन बस स्टैंड के पास कई स्थानों पर इन्हीं नालियों के ऊपर दुकानदारों ने कब्जा जमा रखा है। कहीं दुकान का सामान रखा जा रहा है तो कहीं अस्थायी दुकानदारी चल रही है। ठेले और साइनबोर्ड भी सड़क की जगह घेर रहे हैं। इससे न केवल जल निकासी प्रभावित होने की आशंका है, बल्कि पैदल चलने वाले लोगों और वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
चौकी और कस्टम के सामने भी जाम का झाम
सोनौली चौकी के सामने और कस्टम कार्यालय के आसपास सवारी वाहनों का जमावड़ा भी जाम की बड़ी वजह बन रहा है। टैक्सी चालक सड़क पर जहां जगह मिलती है, वहीं वाहन खड़े कर सवारियां भरने लगते हैं। ई-रिक्शा चालक भी सड़क पर ही यात्रियों को बैठाने और उतारने में जुटे रहते हैं। इससे सड़क का बड़ा हिस्सा वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग में घिर जाता है। बस स्टैंड के आसपास भी दुकानदारों और होटल संचालकों के साइनबोर्ड सड़क की ओर निकले हुए हैं।
ईओ सुरभी मिश्रा बोलीं- शिकायत मिली है, प्रशासन से मिलकर होगा निस्तारण
सड़क और नालियों पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी (ईओ) सुरभी मिश्रा से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि इस संबंध में शिकायत मिली है। जल्द ही प्रशासन से मिलकर समस्या का निस्तारण कराया जाएगा। ईओ के इस बयान के बाद अब देखना होगा कि नगर पंचायत और प्रशासन कब संयुक्त रूप से अभियान चलाकर सड़कों और नालियों को अतिक्रमण मुक्त कराते हैं। क्या कार्रवाई वास्तव में जमीन पर दिखाई देगी या फिर मामला आश्वासन तक ही सीमित रह जाएगा?
सीमा क्षेत्र की छवि और यातायात व्यवस्था पर सवाल
सोनौली भारत-नेपाल सीमा का प्रमुख व्यापारिक और आवागमन केंद्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारतीय और नेपाली नागरिकों, पर्यटकों तथा मालवाहक वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में मुख्य सड़कों पर दुकानों का अतिक्रमण, नालियों पर कब्जा और सवारी वाहनों की मनमानी सीमा क्षेत्र की यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दुकानों के साइनबोर्ड सड़क तक फैल चुके हैं और सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है। अब सवाल यह है कि क्या नगर पंचायत और प्रशासन सड़क तथा नालियों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए ठोस कदम उठाएंगे? या फिर सोनौली के लोग रोजाना इसी तरह जाम के झाम में फंसने को मजबूर रहेंगे