मुहम्मदाबाद, गाजीपुर। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुहम्मदाबाद थाना की साइबर हेल्प डेस्क ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को 49,999.67 रुपये वापस कराने में सफलता हासिल की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 24, जफरपुरा मोहल्ला वकील बाड़ी निवासी मनीष कुमार पाण्डेय पुत्र श्याम बिहारी पाण्डेय के साथ साइबर ठगों ने 76,499.66 रुपये की धोखाधड़ी की थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत साइबर हेल्प डेस्क में दर्ज कराई थी।शिकायत पर कार्रवाई करते हुए साइबर हेल्प डेस्क ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज शिकायत संख्या 33109260259270 के आधार पर संबंधित धनराशि में से 70,233.96 रुपये होल्ड कराए। इसके बाद एमआरएम पोर्टल के माध्यम से प्रभावी कार्रवाई करते हुए 49,999.67 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक पीड़ित के बैंक खाते में वापस कराई गई।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र यादव, कांस्टेबल विजय सिंह और महिला कांस्टेबल अंजली यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। खाते में ठगी की रकम वापस मिलने पर शिकायतकर्ता मनीष कुमार पाण्डेय ने गाजीपुर पुलिस और मुहम्मदाबाद साइबर हेल्प डेस्क के प्रति आभार जताया।पुलिस की जनहित में अपील: गाजीपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते शिकायत करने से ठगी की रकम को होल्ड कराने और वापस प्राप्त करने की संभावना बढ़ जाती है।