गाजीपुर । जनपद में प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में हुई बैठक में परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों और जोनल मजिस्ट्रेटों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद में 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर 2026 को परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली अपराह्न तीन से शाम पांच बजे तक निर्धारित है। जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर छह पालियों में कुल 50,112 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।सीडीओ आलोक प्रसाद ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा केंद्रों के 100 गज के दायरे में निषेधाज्ञा लागू रहेगी और फोटोकॉपी की दुकानें बंद रहेंगी। परीक्षार्थियों की दो स्तरों पर तलाशी, बायोमेट्रिक सत्यापन तथा सीसीटीवी और वीडियोग्राफी के माध्यम से निगरानी अनिवार्य होगी।read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।उन्होंने निर्देश दिया कि प्रश्नपत्रों को कोषागार से परीक्षा केंद्रों तक लाने और वापस ले जाने की व्यवस्था पुलिस अभिरक्षा में की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी आयोग द्वारा निर्धारित प्रपत्रों को समय से भरना सुनिश्चित करेंगे। इसमें परीक्षार्थियों की उपस्थिति, प्रश्न पुस्तिकाओं और ओएमआर शीट का वितरण, सील खोलने-बंद करने का प्रमाणपत्र, कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी, अनुपस्थित परीक्षार्थियों का विवरण और अनुचित साधनों के प्रयोग से संबंधित रिपोर्ट शामिल हैं।सीडीओ ने सभी सेक्टर, जोनल और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों तथा केंद्र अधीक्षकों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सहित सभी 19 परीक्षा केंद्रों के केंद्र अधीक्षक और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।