लियाफी चुनाव में एलआईसी एजेंटों ने लगाया धांधली का आरोप

Share
भदोही। भारतीय जीवन बीमा निगम की भदोही शाखा में 9 अक्टूबर को हुए लाइफ इंश्योरेंस एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (लियाफी) कार्यकारिणी चुनाव को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। एजेंटों के एक समूह ने मंडल अध्यक्ष, वाराणसी को पत्र लिखकर चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए उसे निरस्त कर दोबारा निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की है। पत्र में एजेंटों ने आरोप लगाया है कि चुनाव में खुलकर मतों की धांधली की गई, सही मतों को निरस्त किया गया और फर्जी वोट डाले गए। यह चुनाव असंवैधानिक तरीके से और साजिश के तहत सीमित एजेंटों को सूचना देकर कराया गया। केवल अध्यक्ष पद का ही चुनाव कराया गया, जिसमें गड़बड़ी देखकर एजेंटों ने उसी समय बहिष्कार कर दिया था। बहिष्कार के बावजूद बिना चुनाव के ही सभी पदों पर अनैतिक तरीके से नियुक्तियां कर दी गईं और मीडिया में प्रकाशन कराकर चुनाव को वैध ठहराने का प्रयास किया गया। पत्र में अभिकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष से मामले को गंभीरता से लेते हुए असंवैधानिक चुनाव को निरस्त करने और लोकतांत्रिक व संवैधानिक तरीके से नए नामांकन के साथ निष्पक्ष चुनाव कराने की अपील की है। इस मौके पर विरोध दर्ज कराने वालों में देवेंद्र मिश्र, मोनिस हसन, विनोद पांडेय, डीके मौर्य, अमित श्रीवास्तव, संजय दुबे, देवराज पाल, राम आसरे, धर्मेंद्र कुमार यादव, विरेंद्र कुमार मौर्य, रामचंद्र दुबे, हाजी अब्दुल सलाम अंसारी, शंकरवती मिश्र, वसीम अहमद अंसारी, रूपेश विज, नीरज मिश्रा, धनंजय चौधरी, सूर्यप्रकाश, खालिद अंसारी, तौसीफ जमाल आदि प्रमुख रुप से रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *