जौनपुर। जन कल्याण फाउंडेशन, जौनपुर की ओर से संचालित ‘न्यायदृष्टि’ परियोजना के तहत रामपुर कटाहित स्थित पंचायत भवन में युवाओं के साथ जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को संवैधानिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के डायरेक्टर सिकन्दर बहादुर मौर्य ने कहा कि संविधान केवल कानूनों का संग्रह नहीं, बल्कि न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता की भावना पर आधारित लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ ही गांव में जागरूकता के वाहक बनें और जरूरतमंद परिवारों को उनके अधिकारों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएं।उन्होंने कहा कि गांव में ऐसे अनेक पात्र परिवार हैं, जो जानकारी के अभाव में सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते। युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे ऐसे परिवारों की पहचान कर उन्हें संबंधित योजनाओं से जोड़ने में सहयोग करें।संवाद के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, रोजगार एवं स्वरोजगार, किसान कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास, पेंशन, खाद्य सुरक्षा तथा कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। युवाओं को योजनाओं की पात्रता, लाभ, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignetteसाथ ही उन्हें बिचौलियों से सावधान रहने और किसी भी योजना से संबंधित जानकारी के लिए अधिकृत माध्यमों से सत्यापन करने की सलाह दी गई।उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के ब्लॉक मिशन मैनेजर (बीएमएम) इंद्रजीत पाल ने कहा कि समुदाय के युवाओं की सक्रिय भागीदारी से पात्र एवं वंचित परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से अपने आसपास के परिवारों की जरूरतों को समझकर उन्हें उपलब्ध योजनाओं से जोड़ने में सहयोग करने की अपील की।कार्यक्रम में प्रधानपति ईश्वरचंद मौर्य और जिला पंचायत सदस्य विजय शंकर ‘बर्फी’ ने भी सामाजिक जागरूकता के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों, युवाओं और सामाजिक संस्थाओं को मिलकर कार्य करना होगा।कार्यक्रम के दौरान युवाओं को यह संदेश दिया गया कि “जानकारी केवल अपने तक सीमित न रखें, बल्कि जरूरतमंद तक पहुंचाएं और पात्र व्यक्ति को उसके अधिकार एवं योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें।”इस अवसर पर विकास, अंकित, अंकिता, ज्योति, राहुल, मुकेश, विनोद, अमन समेत बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संतोष यादव ने अतिथियों, युवाओं एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।जन कल्याण फाउंडेशन ने बताया कि ‘न्यायदृष्टि’ परियोजना के माध्यम से संवैधानिक अधिकारों की समझ, सरकारी योजनाओं की जानकारी और समुदाय की भागीदारी को एक साथ जोड़कर जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।