बाराबंकी। जिले के चार होनहार ताइक्वांडो खिलाड़ियों का चयन उत्तर प्रदेश सब-जूनियर ताइक्वांडो टीम चयन प्रतियोगिता के लिए हुआ है। श्री साईं इंटर कॉलेज शुक्लाई कैंपस, आईसीएसई के ये खिलाड़ी अब प्रदेश स्तरीय चयन ट्रायल में अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे। खिलाड़ियों के चयन से विद्यालय प्रबंधन, कोच और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। चयनित खिलाड़ी डिफेंस ताइक्वांडो एकेडमी में कोच नितेश सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो कमेटी की ओर से प्रदेश स्तरीय टीम चयन प्रतियोगिता का आयोजन एक से चार अक्टूबर तक कानपुर के डीपीएस बर्रा में किया जाएगा।
read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/ एक अक्टूबर को खिलाड़ियों की वेट और दस्तावेजों की जांच होगी, जबकि दो अक्टूबर को मुख्य चयन प्रतियोगिता होगी। चयन ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। बाराबंकी से चयनित खिलाड़ियों में लक्ष्य मौर्य (35 किग्रा), सम्राट पटेल (40 किग्रा), वासु मिश्रा (45 किग्रा) और अमित विक्रम (70 किग्रा) शामिल हैं। कोच नितेश सिंह ने बताया कि चारों खिलाड़ी प्रतिभाशाली होने के साथ ही अनुशासित हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में उतरने का आह्वान किया। खिलाड़ियों के चयन पर श्री साईं इंटर कॉलेज प्रबंधन और डिफेंस ताइक्वांडो एकेडमी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।