पहल टुडे रसूलाबाद कानपुर देहात। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से असालतगंज के गांधी फैजेआम इंटर कॉलेज के कमरों तक पानी भर गया है। पुरानी बिल्डिंग के गिरने की आशंका के चलते पानी निकास की व्यवस्था न होने तक फिलहाल विद्यालय बंद होने की संभावना उत्पन्न हो गई है।बताया जा रहा है कि यह जलभराव विद्यालय के बाहर बनी पानी निकास की नाली को अवैध कब्जेदारों द्वारा बंद कर दिए जाने के कारण उत्पन्न हुआ है। पानी निकास का कोई रास्ता न होने से पूरा विद्यालय परिसर तालाब बन गया है।विद्यालय प्रशासन ने मामले की जानकारी टेलीफोन पर उपजिलाधिकारी को देकर पानी निकास की व्यवस्था कराने की मांग की है।प्रधानाचार्य आलोक अग्निहोत्री ने बताया कि विद्यालय परिसर में पानी भर जाने के कारण पानी निकास न होने तक मजबूर होकर विद्यालय को बंद करने का निर्णय लेना पड़ सकता है क्योंकि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता वहीं तहसीलदार पंकज उपाध्याय ने बताया कि सूचना मिली है राजस्व टीम को मौके पर भेजा जा रहा है और हर हाल में पानी निकास की व्यवस्था कराई जाएगी।