संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर अंतर्विभागीय बैठक संपन्न

Share

सोनभद्र। संचारी रोगों की रोकथाम और विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय को लेकर विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में अंतर्विभागीय बैठक हुई। बैठक में बताया गया कि जिले में एक से 31 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा।मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को माइक्रोप्लान के अनुसार अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। जिला मलेरिया अधिकारी ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अभियान की तैयारियों, विभागवार प्रशिक्षण और माइक्रोप्लान की जानकारी दी। मुख्य विकास अधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग को विद्यालयों में प्रतिदिन प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों को संचारी एवं संक्रामक रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। बच्चों को हाथ धोने की सही विधि, पूरी बांह की वर्दी पहनने तथा बुखार आने पर क्या करें और क्या न करें, इसकी जानकारी देने को कहा गया। प्रत्येक विद्यालय में हाथ धोने के लिए हैंडवॉश की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ प्रचार सामग्री वितरित कराने के निर्देश दिए गए।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignette नगर निकायों और पंचायत विभाग को नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी और कचरा निस्तारण सुनिश्चित करने तथा साप्ताहिक कार्ययोजना के अनुसार एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग कराने को कहा गया। चुर्क में सोन पंप जाने वाले मार्ग पर जमा कचरे का एक सप्ताह में निस्तारण कराने के निर्देश नगर पालिका के संबंधित अधिकारी को दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल, नालियों की सफाई, कचरा निस्तारण, झाड़ियों की कटाई, एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग कराने को कहा गया। पशुपालन और कृषि विभाग को स्क्रब टाइफस व लैप्टोस्पायरोसिस से बचाव के लिए जागरूकता गोष्ठियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही घूमंतू गोवंश को गो-आश्रय स्थलों में भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को 26 सितंबर तक अपना माइक्रोप्लान उपलब्ध कराने तथा प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट शाम चार बजे तक जिला मलेरिया अधिकारी कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए। बैठक में चिकित्सा, चिकित्सा शिक्षा, ग्राम विकास, नगर निकाय, पशुपालन, कृषि, बाल विकास एवं पुष्टाहार, बेसिक व माध्यमिक शिक्षा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *