आजमगढ़। पवई थाना पुलिस ने स्वाट व सर्विलांस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए बंद घरों में चोरी करने वाले चार अंतर्जनपदीय शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5.50 लाख रुपये कीमत के 14 सोने व 22 चांदी के आभूषण, 14 हजार रुपये नकद, तमंचा-कारतूस, एक टेम्पो व दो बाइक बरामद की हैं।एसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर गठित तीन टीमों ने गुरुवार तड़के करीब पांच बजे अम्बारी रोड स्थित बाघबहरा पुलिया के पास घेराबंदी कर चारों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने बंद घरों की रेकी कर ताला तोड़कर जेवर-नगदी चोरी करने की बात स्वीकार की।पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी से पवई, कोतवाली, रौनापार और अहरौला क्षेत्र में हुई चार चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों में मो. अब्दुल्ला, अम्बेश कुमार, आकाश कुमार और विकास सोनी शामिल हैं। अब्दुल्ला के खिलाफ 28 मुकदमों का आपराधिक इतिहास बताया गया है। सभी के खिलाफ बीएनएस व आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।