इंजेक्शन लगने के बाद अधेड़ की हालत बिगड़ी, सीएचसी में मौत

Share
नवाबगंज, उन्नाव। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के सेरसा गांव में बुखार से पीड़ित अधेड़ की  मेडिकल स्टोर पर इंजेक्शन लगने के बाद हालत बिगड़ गई। परिजन उसे बेसुध अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र  नवाबगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार सेरसा गांव निवासी कृष्णपाल सिंह (52) पुत्र राजयपाल सिंह को पिछले चार दिन से बुखार आ रहा था। परिजनों के मुताबिक वह पुरवा कोतवाली क्षेत्र के मर्दनखेड़ा गांव स्थित एक मेडिकल स्टोर से दवा लेकर उपचार करा रहा था। जहां फिर वह दवा लेने मेडिकल स्टोर पहुंचा था। मृतक के भाई संतोष का आरोप है कि मेडिकल स्टोर पर कृष्णपाल को इंजेक्शन लगाया गया। इंजेक्शन लगने के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी।परिजनों के अनुसार हालत में सुधार की उम्मीद में वे काफी देर तक मेडिकल स्टोर पर ही रुके रहे, लेकिन कृष्णपाल की स्थिति लगातार खराब होती गई। इसके बाद परिजन उसे बेसुध अवस्था में सीएचसी नवाबगंज लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर अजगैन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignette
मेडिकल स्टोरों पर इलाज को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद नवाबगंज कस्बे सहित आसपास के गांवों में संचालित मेडिकल स्टोरों पर उपचार किए जाने को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कुछ मेडिकल स्टोरों पर संचालकों द्वारा कथित तौर पर दूसरे व्यक्ति की डिग्री अथवा पंजीकरण के सहारे मेडिकल स्टोर संचालित किए जाने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
लोगों का कहना है कि मेडिकल स्टोर पर यदि चिकित्सकीय परामर्श अथवा इंजेक्शन लगाने जैसी गतिविधियां नियमों के विपरीत हो रही हैं तो स्वास्थ्य विभाग को इसकी जांच करनी चाहिए। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से नवाबगंज कस्बे व ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित मेडिकल स्टोरों की जांच कराने तथा नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते निगरानी और जांच नहीं हुई तो ऐसी घटनाओं को रोकना मुश्किल होगा।
परिवार में मचा कोहराम
कृष्णपाल सात भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां कमला का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने इंजेक्शन लगने के बाद हालत बिगड़ने का आरोप लगाया है।
अजगैन कोतवाली प्रभारी सुरेश सिंह ने बताया कि मृत्यु का कारण स्पष्ट करने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *