म्योरपुर, सोनभद्र। स्थानीय ब्लॉक के चैरी गांव स्थित सोमवार बाजार में लगा ट्रांसफार्मर करीब दो माह से खराब पड़ा है। इससे गांव की बिजली आपूर्ति बाधित है। बार-बार शिकायत के बावजूद ट्रांसफार्मर न बदले जाने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को प्रदर्शन कर जल्द आपूर्ति बहाल कराने की मांग की।ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के अलावा हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। बिजली के अभाव में घरेलू कामकाज के साथ बच्चों की पढ़ाई और ऑनलाइन कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। बरसात में रात के समय गांव में अंधेरा रहने से जहरीले जंतुओं का खतरा भी बना रहता है।ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि शीघ्र ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो उच्चाधिकारियों से शिकायत की जाएगी। प्रदर्शन में राकेश, सिकंदर, महेंद्र, राजकुमार, मुनेश्वर, रामप्रकाश, सोहर, सुनील, राधेश्याम, छोटेलाल, जय सिंह, राय सिंह, सोनमती, सुनीता देवी, किस्मतिया देवी, कलमी देवी, सुधरी देवी, ममता देवी, पार्वती देवी, मेरिया देवी और फूलमती समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। इस संबंध में एसडीओ शिवम गुप्ता ने बताया कि अन्य गांवों में भी ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य लंबित है। वहां ट्रांसफार्मर लगाने के बाद चैरी में भी ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा।
सर्पदंश के चैथे दिन वाराणसी में वृद्ध की मौत
म्योरपुर, सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के रासपहरी गांव निवासी 62 वर्षीय रामनाथ पुत्र स्व. रामेश्वर की रविवार को वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। चार दिन पूर्व गांव में ही जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें म्योरपुर सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी हालत गंभीर देख उन्हें वाराणसी रेफर किया गया था।परिजनों के मुताबिक, वाराणसी में उपचार के दौरान रविवार को रामनाथ ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि मृतक के तीन बेटे थे, जिनमें एक की पहले ही मौत हो चुकी है। क्षेत्र पंचायत सदस्य अशोक मौर्य ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव देर शाम तक गांव पहुंचने की संभावना है।