बाराबंकी। सामाजिक सौहार्द, राष्ट्रीय एकता और मानवीय मूल्यों की जरूरत आज जिस तरह महसूस की जा रही है, वह गांधी के विचारों की प्रासंगिकता को और बढ़ाती है। ऐसे समय में बाराबंकी पिछले 49 वर्षों से महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और भाईचारे के विचारों की मशाल जलाए हुए है। यह बात रविवार को गांधी जयंती समारोह ट्रस्ट के संरक्षक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने गांधी जयंती सप्ताह की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में कही। इस मौके पर उन्होंने कार्यक्रम का पोस्टर जारी करते हुए आयोजकों को बधाई दी। गोप ने कहा कि गांधीवादी चिंतक राजनाथ शर्मा के प्रयास से वर्ष 1978 में शुरू हुई गांधी जयंती समारोह की परंपरा इस वर्ष 49वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। एक से सात अक्टूबर तक गांधी भवन, देवा रोड में आयोजित होने वाले 49वें गांधी जयंती सप्ताह में गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ शांति, एकता और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांधी जयंती सप्ताह महज एक वार्षिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और गांधीवादी मूल्यों को जीवंत बनाए रखने का सतत अभियान है। वर्तमान समय में जब दुनिया संघर्ष, हिंसा और विभाजन की प्रवृत्तियों से जूझ रही है, ऐसे दौर में गांधी के सत्य और अहिंसा के विचार और अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। गांधी के विचारों को जीवन में उतारना आज समय की जरूरत है।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignetteट्रस्ट के संयोजक राजनाथ शर्मा ने कहा कि बाराबंकी में वर्ष 1978 से निरंतर आयोजित हो रहा गांधी जयंती सप्ताह अब एक आयोजन से आगे बढ़कर सामाजिक आंदोलन का रूप ले चुका है। तीन पीढ़ियों से चली आ रही यह परंपरा समाज में शांति, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का काम कर रही है। आयोजन का उद्देश्य गांधी को केवल श्रद्धांजलि देना नहीं, बल्कि उनके विचारों को सामाजिक जीवन का हिस्सा बनाना है। गांधी जयंती सप्ताह कार्यक्रम के अध्यक्ष मो. उमैर किदवई ने बताया कि सप्ताह भर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें सामाजिक सहभागिता सम्मान, अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं मुशायरा, कौमी एकता एवं सांप्रदायिक सौहार्द विषयक संगोष्ठी, गांधी भजन, बाल प्रतियोगिताएं, हॉकी टूर्नामेंट, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता अभियान प्रमुख हैं। इन आयोजनों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों, समुदायों और पीढ़ियों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा। सह-संयोजक सलाउद्दीन किदवई ने कहा कि गांधी जयंती समारोह ट्रस्ट का प्रयास गांधीवादी विचारधारा को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है। आयोजन के माध्यम से लोगों को केवल गांधी के विचारों से परिचित कराने के बजाय सामाजिक सरोकारों और जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। बैठक में ट्रस्ट के संरक्षक अरविन्द सिंह गोप, मो. उमेर किदवई, अताउर्रहमान ‘सज्जन’, नगर पंचायत जैदपुर के पूर्व चेयरमैन रियाज अहमद, विजय कुमार सिंह ‘मुन्ना’, हुमायूं नईम खान, मृत्युंजय शर्मा, शिवशंकर शुक्ला, हाजी शमीम, अनवर महबूब किदवई, सलाहउद्दीन किदवई, सभासद अश्वनी शर्मा, पूर्व प्रमुख हशमत अली गुड्डू, रमेश चंद्र वर्मा, पाटेश्वरी प्रसाद, रंजय शर्मा, अमित नाग आदि मौजूद रहे।