सोनभद्र। थाना दिवस के अवसर पर शनिवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने थाना करमा पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि थाना दिवस में आने वाली शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण न किया जाए, बल्कि फरियादी को वास्तविक और संतोषजनक समाधान मिले। भूमि एवं राजस्व से जुड़े मामलों में मौके पर जांच की आवश्यकता होने पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर दोनों पक्षों की बात सुनने तथा अभिलेखों एवं मौके की स्थिति का परीक्षण करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस से संबंधित शिकायतों को संवेदनशीलता से सुनकर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। डीएम-एसपी ने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि थाना दिवस का उद्देश्य फरियादियों को न्यायसंगत और प्रभावी समाधान उपलब्ध कराना है।