बड़हलगंज। ग्राम पंचायत बैरिया खास में दुर्गा मंदिर से गांव को जाने वाली मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति का मामला सामने आने पर विधायक राजेश त्रिपाठी ने संज्ञान लिया है। उन्होंने खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार सिंह को ग्राम पंचायत से निर्धारित प्रारूप में सड़क निर्माण का प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और जलभराव होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की शिकायत पर बसपा नेत्री अस्मिता चंद मौके पर पहुंचीं और सड़क की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की।मामले की जानकारी मिलने पर बीडीओ मनोज कुमार सिंह और ग्राम प्रधान सुरेंद्र उर्फ बैरिस्टर यादव भी मौके पर पहुंचे।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignette उन्होंने सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दिनों में जलभराव के कारण सड़क की हालत और खराब हो जाती है। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है।निरीक्षण के दौरान अस्मिता चंद ने अधिकारियों से सड़क की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के आवागमन से जुड़ी मुख्य सड़क की बदहाली को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। सड़क निर्माण या मरम्मत के लिए शीघ्र ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।ग्राम प्रधान बैरिस्टर यादव ने बताया कि विधायक राजेश त्रिपाठी के निर्देश के क्रम में सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। ग्रामीणों ने जल्द सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है।