नई दिल्ली ,- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में शनिवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सफल आयोजन को लेकर राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों, विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन तथा इनके प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तार से समीक्षा की गई।इस बैठक में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार, श्री राव नरबीर सिंह, श्री महिपाल ढांडा, श्री विपुल गोयल, डॉ. अरविंद कुमार शर्मा, श्री श्याम सिंह राणा, श्री रणबीर गंगवा, श्री कृष्ण कुमार बेदी तथा आरती सिंह राव एवं राज्यमंत्री श्री गौरव गौतम भी बैठक में उपस्थित रहे। इसके अलावा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यमंत्री श्री राजेश नागर भी बैठक में जुड़े।बैठक में सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री के.एम. पांडुरंग तथा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेश में प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों, उनकी तैयारियों और प्रभावी क्रियान्वयन की कार्ययोजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जिलावार तैयारियों, कार्यक्रमों के समन्वय तथा अभियान की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रबंधों से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
हर बूथ पर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’, लाभार्थियों तक पहुंचेगा अभियान
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान प्रदेश के सभी 23 जिलों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटित परियोजनाओं तथा हरियाणा की प्रमुख विकास परियोजनाओं को चिन्हित कर वहां विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। 17 सितंबर की शाम प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर लाभार्थियों एवं आमजन के घर जाकर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाए।प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को इस अभियान से जोड़ा जाए और उनके घरों पर दीया जलाकर उनके अनुभवों को सामने लाया जाए। जिला प्रशासन द्वारा इन कार्यक्रमों की वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की जाए तथा संबंधित फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किए जाएं।मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों तथा इनसे लोगों के जीवन में आए बदलाव को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विश्वविद्यालयों में सेमिनार आयोजित किए जाएं। सार्वजनिक स्थानों पर विकास यात्रा से संबंधित डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की जाए तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के जीवन में आए बदलाव को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए।read more:https://pahaltoday.com/protest-by-the-all-gondwana-students-association-and-the-gond-community/
हर जिले में बने लाभार्थियों की सूची, कोई पात्र व्यक्ति न छूटे
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक जिले में केंद्र की योजनाओं के लाभार्थियों की सूची तैयार की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि अभियान के दौरान कोई भी लाभार्थी छूटने न पाए। मंत्रीगण, विधायक, पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता को भी इस जनजागरण अभियान से जोड़ा जाए।उन्होंने कहा कि ग्राम सचिवालय, व्यायामशालाओं, किसानों के लिए किए गए कार्यों, सड़कों, एक्सप्रेस वे तथा अन्य प्रमुख विकास परियोजनाओं को भी चिन्हित किया जाए, ताकि इन विकास कार्यों को जनता के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सके।उन्होंने निर्देश दिए कि चित्रकला, भाषण एवं अन्य प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों को प्रोत्साहित किया जाए और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाए। सरकारी एवं निजी दोनों स्कूलों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
17 सितंबर से शुरू होगा महीने भर का ‘सेवा संकल्प अभियान’
बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत@2047 के संकल्प से जोड़ना है।अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर जनता और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घर पहुंचेंगे तथा प्रधानमंत्री के प्रति जनता के विश्वास, आभार और देश के उज्ज्वल भविष्य के संकल्प के प्रतीक के रूप में दीया जलाएंगे।
बच्चों की प्रतिभा से दिखेगा विकसित भारत का सपना
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को वर्ष 2047 के विकसित भारत की अपनी कल्पना और सपनों को अभिव्यक्त करने का अवसर मिलेगा। श्रेष्ठ चित्रों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मुख्यमंत्री के हस्ताक्षर वाला विशेष प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।इसी क्रम में पिछले 25 वर्षों में देश में आए सामाजिक एवं आर्थिक बदलाव को कला एवं संस्कृति के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के लिए ‘नमो सेवा गाथा’ नामक 25 से 30 मिनट का संगीतमय नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया जाएगा। इसे गांव-गांव तक ले जाया जाएगा और 2 अक्टूबर को देश के 100 प्रमुख स्थानों पर इसके विशेष मंचन किए जाएंगे।
आंगनवाड़ी केंद्रों पर विशेष उत्सव, लाभार्थियों की जुबानी सामने आएगी बदलाव की कहानी
25 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच आंगनवाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय विशेष उत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं का सार्वजनिक अभिनंदन किया जाएगा तथा माताओं को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी।प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मिशन इंद्रधनुष सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों के अनुभवों को ‘कहानी बदलाव की’ के माध्यम से सामने लाया जाएगा। देशभर के लाभार्थियों की प्रेरणादायक कहानियों के छोटे वीडियो एवं रील तैयार कर विकास की वास्तविक तस्वीर लोगों के अनुभवों के माध्यम से प्रस्तुत की जाएगी।