बहराइच ( पयागपुर तहसील)। नगर पंचायत पयागपुर क्षेत्र स्थित पंचायती मंदिर के सामने लंबे समय से लगे कूड़े के ढेर और गंदगी की समस्या को लेकर दैनिक भास्कर द्वारा प्रमुखता से खबर प्रकाशित किए जाने के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने गुरुवार को इसका संज्ञान लिया। नगर पंचायत की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची और मंदिर के सामने जमा कूड़े-कचरे को हटाने के लिए सफाई अभियान शुरू कराया। नगर पंचायत की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है।पंचायती मंदिर के सामने काफी समय से कूड़ा जमा होने के कारण श्रद्धालुओं और आसपास के दुकानदारों समेत राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के कारण कूड़े के ढेर के आसपास गंदगी और दुर्गंध की स्थिति और भी खराब हो गई थी। धार्मिक स्थल के सामने इस तरह गंदगी जमा होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी भी थी। लोगों का कहना था कि मंदिर में प्रतिदिन श्रद्धालुओं का आना-जाना रहता है, ऐसे में मंदिर के आसपास स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होना बेहद जरूरी है।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/
दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से उठाया था मुद्दा
धार्मिक स्थलों के आसपास गंदगी और जलभराव की समस्या को दैनिक भास्कर ने लगातार प्रमुखता से उठाते हुए शासन-प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया था। पंचायती मंदिर के सामने कूड़े का ढेर लगे होने की खबर प्रकाशित होने के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। गुरुवार को नगर पंचायत की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और कूड़े के ढेर को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
जेसीबी के माध्यम से कूड़ा हटाए जाने के साथ ही सफाई कर्मियों ने भी मौके पर सफाई का कार्य शुरू किया। इससे मंदिर के आसपास की स्थिति में सुधार नजर आया। नगर पंचायत की कार्रवाई को देखकर स्थानीय लोगों ने दैनिक भास्कर की पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि जनसमस्याओं से जुड़े अन्य मामलों में भी इसी तरह जिम्मेदार विभाग समय रहते कार्रवाई करेगा।
नागरिक बोले- नियमित हो सफाई व्यवस्था
क्षेत्रीय नागरिक हरिओम रस्तोगी नितिन माहेश्वरी सौरभ शुक्ला श्यामू महेश्वरी दीनू महेश्वरी सत्येंद्र केडिया संतोष शुक्ला, ददद् शर्मा और अनमोल समेत तमाम लोगों ने सफाई अभियान शुरू होने पर खुशी जाहिर की। नागरिकों ने कहा कि धार्मिक स्थल के सामने कूड़े का ढेर लगा रहना श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण था। अब नगर पंचायत द्वारा सफाई शुरू कराए जाने से लोगों को काफी राहत मिली है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की कि मंदिर के सामने एक बार सफाई कराने के बाद मामले को छोड़ न दिया जाए, बल्कि यहां नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि दोबारा कूड़े का ढेर न लग सके। इसके साथ ही कूड़ा डालने के लिए उचित स्थान निर्धारित करने और कूड़े के नियमित उठान की व्यवस्था करने की भी मांग की गई है।लोगों ने कहा कि पयागपुर क्षेत्र में कई जनसमस्याएं ऐसी हैं, जिनका समाधान समय रहते किया जाना जरूरी है। दैनिक भास्कर द्वारा लगातार जनहित के मुद्दों को सामने लाने से संबंधित विभागों तक समस्याएं पहुंच रही हैं और कई मामलों में कार्रवाई भी शुरू हो रही है।स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि पंचायती मंदिर की तरह नगर पंचायत क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी सफाई, जलभराव और जल निकासी जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान कराया जाएगा, ताकि नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और धार्मिक स्थलों के आसपास स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण कायम रहे।