गाजीपुर में जर्जर स्कूल भवनों पर चला प्रशासन का हथौड़ा, 196 में से 171 भवन ध्वस्त

Share
गाजीपुर। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले नौनिहालों और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने जर्जर एवं निष्प्रयोज्य विद्यालय भवनों के ध्वस्तीकरण अभियान को तेज कर दिया है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देशन में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत जनपद में चिह्नित 196 जर्जर विद्यालय भवनों में से अब तक 171 भवनों का सुरक्षित ध्वस्तीकरण पूरा कराया जा चुका है। शेष 25 भवनों को भी शीघ्र ध्वस्त कराने की प्रक्रिया जारी है।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के अनुसार, जनपद के परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में ऐसे भवनों को चिह्नित किया गया था, जो विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिहाज से निष्प्रयोज्य अथवा अत्यंत जर्जर स्थिति में थे। जिलाधिकारी के निर्देश पर इन भवनों को अभियान चलाकर हटाया जा रहा है, ताकि विद्यालय परिसरों में किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignetteअद्यतन स्थिति के अनुसार, कुल 196 जर्जर विद्यालय भवन चिह्नित किए गए हैं, जिनमें से 171 भवनों का ध्वस्तीकरण पूर्ण हो चुका है। इस प्रकार करीब 87 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है, जबकि 25 जर्जर भवनों का ध्वस्तीकरण अभी शेष है।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अवशेष भवनों से संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे व्यक्तिगत रूप से निगरानी करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को जल्द से जल्द पूरा कराएं। साथ ही ध्वस्तीकरण के दौरान सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ध्वस्तीकरण स्थल से बच्चों को सुरक्षित दूरी पर रखने तथा भवनों के मलबे का तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य जर्जर भवनों को हटाकर विद्यालयों में विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए सुरक्षित, भयमुक्त और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *