भदोही। उच्च प्राथमिक विद्यालय खेमईपुर की शिक्षिका उर्मिला देवी को शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्य अध्यापक पुरस्कार मिलेगा। शासन ने वर्ष 2026 के लिए इन पुरस्कारों की घोषणा की है। उन्हें शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। ज्ञानपुर क्षेत्र के सम्हई भटानी निवासी उर्मिला देवी पिछले 27 वर्षों से अध्यापन कार्य कर रही हैं। वह प्रतिदिन समय से आधे घंटे पहले विद्यालय पहुंचकर पढ़ाई को रुचिकर बनाने के लिए नए-नए प्रयोग करती हैं। उनकी पहली नियुक्ति 10 फरवरी 1999 को प्राथमिक विद्यालय असनावं में हुई थी। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय मूंसी, उच्च प्राथमिक विद्यालय सनवईया और नौ जुलाई 2008 को उच्च प्राथमिक खेमईपुर में अपनी सेवाएं दीं।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/ उर्मिला देवी स्वयं भी एक सफल एथलीट हैं। उन्होंने 7 जुलाई 2019 को सिंगापुर में आयोजित मास्टर्स एथलेटिक्स में स्वर्ण पदक जीता था। उनके मार्गदर्शन में विद्यालय के चार बच्चों ने खो-खो में और एक बच्चे ने जूडो में राष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल किए हैं। यह जिले का पहला विद्यालय है जहां के इतने विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीते हैं। उन्होंने छात्राओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से लिफाफा और जूट की चटाई बनाने का प्रशिक्षण भी दिया है। उनके प्रयासों से विद्यालय में छात्र संख्या 200 से बढ़कर 400 तक पहुंच गई है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत, उर्मिला देवी ने रूबी नामक एक छात्रा को गोद लिया है और उसकी पढ़ाई तथा खेल-कूद की सभी गतिविधियों का खर्च उठाती हैं। रूबी ने कुश्ती में नेपाल में पदक जीता है। उर्मिला देवी के चयन की खबर मिलते ही शिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई। बीएसए शिवम पांडेय ने उनके चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें एक मेहनती और कर्मठ शिक्षिका बताया।