सोनभद्र। परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की शैक्षिक प्रतिभा को पहचानने और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से ‘मेधावी छात्र चयन परीक्षा-अगस्त 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में संचालित इस परीक्षा के माध्यम से कक्षा तीन, पांच, छह और आठ के मेधावी विद्यार्थियों का चयन किया जा रहा है।
वर्तमान में विद्यालय एवं संकुल स्तर पर परीक्षा और मूल्यांकन की प्रक्रिया चल रही है। विद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम तीन स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को सम्मानित किया जा रहा है। इसके बाद संकुल स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। संकुल स्तर पर चयनित विद्यार्थी ब्लॉक स्तरीय परीक्षा एवं प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/ ब्लॉक स्तर पर चयनित मेधावी छात्र-छात्राएं 9 सितंबर 2026 को आयोजित जनपद स्तरीय मुख्य परीक्षा में शामिल होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विभाग की ओर से परीक्षा प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। जिन विकासखंडों में बड़े स्तर पर आयोजन में कठिनाई आ रही है, वहां संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को शीर्ष अथवा प्रथम मेधावी छात्र को ही अगले स्तर की परीक्षा के लिए आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, चयनित एवं सम्मानित किए जा रहे विद्यार्थियों का विवरण ऑनलाइन अपलोड किया जा रहा है। नोडल संकुल शिक्षकों और संकुल शिक्षकों को अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों में सम्मानित होने वाले मेधावी विद्यार्थियों का पूरा विवरण और कार्यक्रम की तस्वीरें निर्धारित लिंक अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से अनिवार्य रूप से अपलोड करने को कहा गया है। विभाग का मानना है कि इस पहल से परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी तथा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच मिलेगा।