म्योरपुर, सोनभद्र। विकासखंड म्योरपुर की खैराही ग्राम पंचायत में हर घर नल योजना के तहत बिछाई गई पाइपलाइन में लीकेज के चलते पिछले करीब एक सप्ताह से लगातार पानी बह रहा है। मुर्धवा-बीजपुर मुख्य मार्ग पर जय गुरुदेव स्कूल के समीप सड़क किनारे पाइपलाइन से फव्वारे की तरह पानी निकल रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक लीकेज दुरुस्त कराने की पहल नहीं की गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक पाइपलाइन से लगातार पानी बहने के कारण प्रतिदिन हजारों लीटर पेयजल सड़क किनारे बर्बाद हो रहा है।
read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/ एक ओर क्षेत्र के कई गांवों में लोग पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकारी योजना की पाइपलाइन में लीकेज के कारण बड़ी मात्रा में पानी व्यर्थ बह रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य मार्ग से अधिकारियों और कर्मचारियों का भी लगातार आवागमन होता है। इसके बावजूद करीब एक सप्ताह से लीकेज का बने रहना जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर पाइपलाइन लीकेज की समस्या सामने आती रहती है, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं होने से पानी की बर्बादी जारी रहती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर पाइपलाइन का लीकेज तत्काल दुरुस्त कराने और पेयजल की बर्बादी रोकने की मांग की है।