भाइयों की कलाई पर बहनों ने सजाई स्नेह की डोर

Share

बाराबंकी। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में पर्व को लेकर उल्लास का माहौल रहा। बहनों ने पूजा-अर्चना के बाद भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुखी, स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों की रक्षा और हर परिस्थिति में उनका साथ देने का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार भेंट किए। इस वर्ष रक्षाबंधन पर भद्रा का व्यवधान नहीं होने के कारण बहनों को राखी बांधने के लिए पूरे दिन का शुभ अवसर मिला। सुबह से देर शाम तक राखी बांधने का सिलसिला चलता रहा। दूर-दराज रहनेवाले भाई-बहन भी पर्व मनाने के लिए अपने घर पहुंचे। इससे बाजारों और प्रमुख मार्गों पर भी दिनभर चहल-पहल देखने को मिली। मंदिरों में श्रावणी उपाकर्म श्रावण मास की पूर्णिमा को श्रावणी उपकर्म का भी महत्व है। शहर के खड़ेश्वरी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में इसका विशेष अनुष्ठान हुआ। ब्राह्मणों ने अपने जनेऊ बदले । श्रावणी उपाकर्म के तीनों पक्ष प्रायश्चित, संकल्प संस्कार और स्वाध्याय को पूर्ण किया गया। वेद पाठी ब्राह्मणों ने यजमानों के कर्मकांड यज्ञ हवन आदि करने की जगह खुद अपनी आत्म शुद्धि के लिए अभिषेक और हवन किए। वहीं दूसरी ओर रक्षाबंधन के अवसर पर बड़ी संख्या में बहनें अपने मायके और भाइयों के घर पहुंचीं।read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/ बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ रही। प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा सुविधा दिए जाने से बड़ी संख्या में महिलाओं ने रोडवेज बसों से यात्रा की। भीड़ को देखते हुए प्रशासन और यातायात पुलिस सुबह से ही सक्रिय रही। प्रमुख चौराहों और बस स्टैंड के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। यातायात निरीक्षक राम यतन यादव के नेतृत्व में यातायात पुलिस की टीम पूरे दिन व्यवस्था संभालती रही। लगातार निगरानी और प्रभावी प्रबंधन के चलते शहर में कहीं भी बड़े जाम की स्थिति नहीं बनी और लोग आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सके। कई परिवारों में ऐसे भाई-बहन भी मिले जो नौकरी, पढ़ाई या अन्य कारणों से लंबे समय बाद मिले। राखी बांधते समय बहनों की आंखों में खुशी और भावुकता दोनों दिखाई दीं। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने एक-दूसरे को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और भाई-बहन के रिश्ते से जुड़ी तस्वीरें साझा कीं। रक्षाबंधन के अवसर पर जिले में प्रेम, स्नेह और पारिवारिक एकता का संदेश देखने को मिला। बहनों द्वारा भाइयों की कलाई पर बांधा गया रक्षा सूत्र केवल एक धागा नहीं, बल्कि विश्वास, अपनत्व और आजीवन साथ निभाने के संकल्प का प्रतीक बनकर उभरा।
बाजारों में दिनभर रही चहल-पहल
रक्षाबंधन को लेकर शहर के प्रमुख बाजारों, चौक, फतेहपुर रोड, देवा रोड, रामनगर, हैदरगढ़ और नवाबगंज क्षेत्र में दिनभर खरीदारों की भीड़ रही। राखी, मिठाई, उपहार और सजावटी वस्तुओं की दुकानों पर लोगों की आवाजाही बनी रही। मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *