सोनभद्र। कलेक्ट्रेट की कार्यप्रणाली को डिजिटल, तेज और पारदर्शी बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कलेक्ट्रेट में ई-ऑफिस प्रणाली को पूर्ण रूप से लागू कर दिया है। अब पत्रावलियों का संचालन डिजिटल माध्यम से होगा और एक क्लिक पर यह पता लगाया जा सकेगा कि संबंधित फाइल किस स्तर पर लंबित है।जिलाधिकारी ने बताया कि वह स्वयं पिछले एक सप्ताह से डिजिटल सिग्नेचर के माध्यम से ई-ऑफिस पर पत्रावलियों का निस्तारण कर रहे हैं। इस अवधि में 200 से अधिक फाइलें ई-ऑफिस प्रणाली पर भेजी जा चुकी हैं। नई व्यवस्था से फाइलों की मॉनिटरिंग आसान होने के साथ ही उनके समयबद्ध निस्तारण में तेजी आने की उम्मीद है।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/ ई-ऑफिस प्रणाली लागू होने से पत्रावलियों को एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय तक भौतिक रूप से भेजने की आवश्यकता कम होगी। साथ ही महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेजों को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने और फाइलों की स्थिति पर नजर रखने में भी सुविधा मिलेगी। इससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और अधिकारियों की जवाबदेही बढ़ने की संभावना है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वागीश कुमार शुक्ला ने बताया कि कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों से ई-ऑफिस के माध्यम से पत्रावलियों एवं शासकीय पत्रों का प्रेषण शुरू हो चुका है। इससे फाइलों की ट्रैकिंग आसान होगी और कार्यों के निस्तारण में तेजी आएगी। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी कार्यालयाध्यक्षों एवं विभागाध्यक्षों से शासकीय पत्रों और पत्रावलियों का प्रेषण ई-ऑफिस के माध्यम से ही सुनिश्चित करने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि डिजिटल व्यवस्था से कलेक्ट्रेट की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी।