बारिश ने रोकी रफ्तार, 7 फीट पानी में डूबा रेलवे अंडरब्रिज

Share

बीना, सोनभद्र। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने शक्तिनगर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन ठप कर दिया। एनसीएल खड़िया न्यू सीएचपी के समीप स्थित रेलवे अंडरब्रिज में करीब 6 से 7 फीट तक पानी भर जाने से पूरा मार्ग तालाब में तब्दील हो गया। जलभराव के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और सैकड़ों यात्री घंटों फंसे रहे।स्थानीय लोगों के अनुसार अंडरब्रिज में जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बरसात में यही हालात पैदा होते हैं। इस बार भी भारी बारिश के बाद पुलिया पूरी तरह पानी में डूब गई, जिससे दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। कई वाहन चालक पानी कम होने का इंतजार करते रहे। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि अधूरी सड़क, बंद पड़े नाले-नालियां और परियोजनाओं के भारी वाहनों से गिरने वाली कोयले की धूल एवं राखड़ ने जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है।read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/परिणामस्वरूप बारिश का पानी अंडरब्रिज में जमा होकर इसे तालाब का रूप दे देता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले वर्ष भी इसी स्थान पर भारी जलभराव के कारण एक स्कॉर्पियो वाहन पानी में डूब गया था, जबकि यात्रियों से भरी एक बस पलटते-पलटते बची थी। इसके बावजूद समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बारिश थमने के बाद भी लोगों की परेशानी कम होने वाली नहीं है। अंडरब्रिज के नीचे जमा कोयले और कीचड़ से सड़क फिसलन भरी हो जाएगी, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाएगा। क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन से अंडरब्रिज के नीचे स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने, पाइप लाइन अथवा अन्य तकनीकी समाधान लागू करने तथा क्षतिग्रस्त सड़क का तत्काल पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बरसात के पूरे मौसम में यह मार्ग बार-बार बंद होगा और बड़े हादसे की आशंका बनी रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *