82 लाख की लागत से बनेगी सीसी रोड, चेयरमैन ने किया भूमि पूजन

Share

दुद्धी, सोनभद्र। नगर पंचायत दुद्धी में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जेम्स स्कूल गेट से महावीर मोहाल होते हुए राजमन गुप्ता के घर तक करीब 82 लाख की लागत से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। गुरुवार को नगर पंचायत चेयरमैन कमलेश मोहन ने विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।चेयरमैन कमलेश मोहन ने कहा कि नगर क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सीसी रोड बनने से स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी और बरसात के दौरान कीचड़ व जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी। भूमि पूजन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान पंकज अग्रहरि, बुल्लू, दीपक शाह, वार्ड सभासद निरंजन, धीरज, शाहिद आलम, सोनू, सुमित सोनी तथा प्रेम नारायण उर्फ मोनू सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य का स्वागत करते हुए अपेक्षा जताई कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा होगा, जिससे क्षेत्रवासियों को लंबे समय तक बेहतर आवागमन सुविधा का लाभ मिल सके।

ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक भर्ती प्रक्रिया शुरू, 23 अगस्त तक करें आवेदन
सोनभद्र। जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक, अकाउंटेंट-कम-डाटा एंट्री ऑपरेटर के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 9 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक संबंधित ग्राम पंचायत, विकास खंड कार्यालय अथवा जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में निर्धारित प्रारूप पर आवेदन जमा कर सकेंगे।जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण ने बताया कि विकास खंड रॉबर्ट्सगंज की ग्राम पंचायत कूरा, कैंथी, शिवखरी, जिगना, अरौली एवं देवरी, विकास खंड कोन की देवाटन, विकास खंड घोरावल की बहेरी, कड़िया, खुटहां, कोहरथा, मधका, मुक्खा, पिड़रिया एवं सोतिल, विकास खंड दुद्धी की ड्याढ़ी, कटौंधी, भलपहरी तथा विकास खंड म्योरपुर की शिशवा ग्राम पंचायत में पंचायत सहायक के पद रिक्त हैं, जिन पर चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार मेरिट सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद आपत्तियों का निस्तारण, अंतिम चयन सूची का प्रकाशन तथा ग्राम पंचायतों द्वारा चयनित अभ्यर्थियों के अनुमोदन की कार्रवाई पूरी की जाएगी। जिला पंचायत राज अधिकारी ने कहा कि अभ्यर्थियों को निर्धारित शैक्षणिक अर्हता एवं आवश्यक अभिलेखों के साथ आवेदन करना होगा। पूरी चयन प्रक्रिया शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी।

अरंगी में बनेगा 1.41 करोड़ का पंचायत उत्सव भवन, डीएम ने दी स्वीकृति
सोनभद्र। जनपद की ग्राम पंचायतों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने विकास खंड रॉबर्ट्सगंज की ग्राम पंचायत अरंगी में पंचायत उत्सव भवन के निर्माण के लिए 1.41 करोड़ (141 लाख रुपए) की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप बनने वाले इस पंचायत उत्सव भवन का निर्माण पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माण स्थल पर सूचना बोर्ड लगाया जाएगा तथा कार्य की शुरुआत, मध्य और पूर्ण होने के प्रत्येक चरण की जियो-टैगिंग कराई जाएगी, जिससे निर्माण कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा सके। साथ ही भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का नियमित अभिलेखीकरण करने तथा स्वीकृत डीपीआर एवं तकनीकी मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि पंचायत उत्सव भवन बनने से ग्राम पंचायत स्तर पर सामाजिक, सांस्कृतिक, प्रशासनिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए आधुनिक और सुव्यवस्थित भवन उपलब्ध होगा। उन्होंने संबंधित विभागों को शासन की मंशा के अनुरूप निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।read more:https://pahaltoday.com/cmo-saved-the-lives-of-passengers-injured-in-a-road-accident/

आटे में मिलावट की आशंका पर एफएसडीए की बड़ी कार्रवाई, तीन आटा मिलों से नमूने लिए
सोनभद्र। आटे में शैलखड़ी (सोप स्टोन) एवं चावल जैसी सामग्री की मिलावट की आशंकाओं के बीच खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) विभाग ने जनपद में संचालित आटा निर्माण इकाइयों पर विशेष अभियान चलाकर जांच की। टीम ने तीन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर आटे के नमूने संग्रहित किए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह अभियान खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त, लखनऊ के निर्देश पर चलाया गया। विभाग को विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों तथा पूर्व में हुई जांच के आधार पर आटे में शैलखड़ी (सोप स्टोन) और चावल की मिलावट की शिकायतें मिली थीं। निरीक्षण के दौरान टीम ने रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के लसड़ा स्थित अनन्या फूड किंग इंडस्ट्रीज प्रा.लि. और शरद इंडस्ट्रीज का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दोनों इकाइयों में साफ-सफाई एवं खाद्य सामग्री को पैलेट पर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। शरद इंडस्ट्रीज में पाई गई कमियों को लेकर सुधार सूचना (इम्प्रूवमेंट नोटिस) भी जारी की गई। दोनों प्रतिष्ठानों से नियमानुसार पांच-पांच किलोग्राम के आटा पैकेट खोलकर नमूने लिए गए और जांच के लिए खाद्य विश्लेषक को भेजे गए। शेष तीन-तीन किलोग्राम आटा सील कर संबंधित प्रतिष्ठानों के स्वामियों की अभिरक्षा में सुरक्षित रखवाया गया। इसके अलावा घोरावल क्षेत्र के ग्राम सिरसाई स्थित माँ वैष्णो इंडस्ट्रीज का भी निरीक्षण किया गया, जहां गेहूं के आटे का नमूना लेकर प्रयोगशाला भेजा गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *