अनपरा, सोनभद्र। शक्तिनगर से औड़ी मोड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनपरा मोड़ के समीप बरसाती पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से सड़क पर जलभराव और गहरे गड्ढे राहगीरों व वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की अनदेखी के चलते यह समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।बरसात होते ही सड़क पर कई फीट तक पानी भर जाता है। जलभराव के कारण सड़क में बने गहरे गड्ढे पूरी तरह पानी में छिप जाते हैं, जिससे बाइक सवार, ऑटो चालक और अन्य वाहन चालक बिना गड्ढों का अंदाजा लगाए हादसे का शिकार हो रहे हैं।read more:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/ रात के समय और तेज बारिश के दौरान यह मार्ग और भी अधिक खतरनाक हो जाता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अनपरा मोड़ क्षेत्र का प्रमुख और अत्यधिक व्यस्त चैराहा है, जहां से प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है। इसके बावजूद बरसाती पानी की निकासी के लिए आज तक पक्की नाली का निर्माण नहीं कराया गया। लोगों का कहना है कि यदि सड़क किनारे जल निकासी की व्यवस्था होती तो न सड़क पर पानी भरता और न ही गड्ढे हादसों की वजह बनते। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि पीडब्ल्यूडी ने शीघ्र नाली निर्माण और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत नहीं कराई तो किसी भी समय बड़ा सड़क हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने और सड़क की मरम्मत कराकर लोगों को राहत दिलाने की मांग की है।